Stock market : भारतीय बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी 29 मई को लगातार चौथे कारोबारी सत्र में गुरावट के साथ बंद हुए हैं। निफ्टी आज के कारोबारी सत्र में दिन भर 22,700 के आसपास घूमता रहा। कारोबारी सत्र के अंत में सेंसेक्स 667.55 अंक या 0.89 फीसदी की गिरावट के साथ 74,502.90 पर और निफ्टी 183.50 अंक या 0.80 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,704.70 के स्तर पर बंद हुआ। आज करीब 1473 शेयरों में तेजी रही। वहीं, 1871 शेयरों में गिरावट देखने को मिली है। जबकि 90 शेयर बिना किसी बदलाव के बंद हुए हैं।
निफ्टी में सबसे ज्यादा गिरावट एचडीएफसी लाइफ, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, आईसीआईसीआई बैंक, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स और टेक महिंद्रा में देखने को मिली। जबकि हिंडाल्को, पावर ग्रिड कॉर्प, डिविस लैब्स, नेस्ले और सन फार्मा निफ्टी के टॉप गेनर रहे।
सेक्टोरल फ्रंट पर आज मिलाजुला रुख देखने को मिला कैपिटल गुड्स, टेलीकॉम, हेल्थकेयर, मेटल और पावर शेयर हरे निशान में बंद हुए हैं। जबकि ऑटो, बैंक, एफएमसीजी, आईटी, तेल और गैस, तथा रियल्टी इंडेक्सों में 0.3-1 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है। बीएसई मिडकैप इंडेक्स 0.4 फीसदी नीचे बंद हुआ है। जबकि स्मॉलकैप इंडेक्स 0.2 फीसदी ऊपर बंद हुआ है।
30 मई को कैसी रह सकती है बाजार की चाल
शॉर्ट कवरिंग निफ्टी को ले जा सकती है 22780 के पार : प्रोग्रेसिव शेयर्स के निदेशक आदित्य गग्गर
प्रोग्रेसिव शेयर्स के निदेशक आदित्य गग्गर का कहना है कि डेली चार्ट पर निफ्टी ने 22,780 के अपने तत्काल सपोर्ट को तोड़ दिया है। लेकिन कल मंथली एक्सपायरी के दिन को देखते हुए लगता है कि एक शॉर्ट कवरिंग मूव देखने को मिल सकता है। जिसके चलते निफ्टी ट्राइएंगल पैटर्न ब्रेकआउट प्वाइंट यानी 22,780 से ऊपर जा सकता है।
एक्सपायरी के पहले देखने को मिल सकती भारी वोलैटिलिटी : रेलिगेयर ब्रोकिंग के अजीत मिश्रा
रेलिगेयर ब्रोकिंग के अजीत मिश्रा का कहना है कि हाल में आई गिरावट निवेशकों के बीच सतर्कता के रुख का संकेत है। अजीत का अनुमान है कि निफ्टी को 22,550 के स्तर के आसपास सपोर्ट मिलेगा। ये इसका 20-डे ईएमए भी है। मई डेरिवेटिव कॉन्ट्रैक्टों की एक्सपायरी के साथ काफी ज्यादा वोलैटिलिटी रहने की उम्मीद है। अजीत मिश्रा आक्रामक लॉन्ग पोजीशन को सीमित करने और हेजिंग की रणनीति अपनाने के पक्ष में हैं।
निफ्टी के लिए 22,800 पर तत्काल रजिस्टेंस : एलकेपी सिक्योरिटीज के रूपक डे
एलकेपी सिक्योरिटीज के रूपक डे का कहना है कि बाजार पर आज मंदड़ियों का कब्जा रहा। जिसके चलते निफ्टी में तेज गिरावट आई। आज दिन के दौरान 23,000 और 22,800 स्ट्राइक पर भारी कॉल राइटिंग देखने को मिली जबकि 22,800 और 22,700 स्ट्राइक पर पुट राइटिंग देखने को मिली। ऑप्शन डेटा से पता चलता है कि निफ्टी की एक्सपायरी 22,800 के आसपास हो सकती है। दूसरी ओर 22,700 से नीचे की गिरावट बाजार में और कमजोरी ला सकती है। निफ्टी के लिए तत्काल रजिस्टेंस 22,800 पर नजर आ रहा है।
बैंक निफ्टी इंडेक्स आज 49000 के अपने सपोर्ट से नीचे खुला था। दिनभर आज ये इस लेवल के नीचे ही कारोबार करता नजर आया। ये सेंटीमेंट में बदलाव का स्पष्ट संकेत है। बैंक निफ्टी आज अपने 21-डे ईएमए के करीब 48,400 पर बंद हुआ। अगर बैंक निफ्टी 21-डे ईएमए से ऊपर नहीं टिक पाता है, तो आगे बिकवाली का दबाव और बढ़ेगा और ये 48,000 तक गिर सकता है। बैंक निफ्टी के लिए अब 48,400 पर सपोर्ट दिख रहा है। जबकि 49,000 का लेवल इसके लिए नया रेजिस्टेंस बन गया है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।