Mazagon Dock Shares: मझगांव डॉक का शेयर बाजार खुलते ही धड़ाम, 6% टूटा भाव, सरकार ने 4.8% हिस्सेदारी बेचने का किया ऐलान

Mazagon Dock Shares: मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड के शेयर आज 4 अप्रैल को कारोबार शुरू होते ही 6 फीसदी से अधिक गिर गए। यह गिरावट सरकार द्वारा कंपनी में अपनी हिस्सेदारी बेचने की घोषणा के बाद आई है। सरकार इस कंपनी में ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए अपनी 4.83 प्रतिशत हिस्सेदारी बाजार में उतारेगी

अपडेटेड Apr 04, 2025 पर 9:47 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Mazagon Dock Shares: दिसंबर तिमाही के अंत तक सरकार के पास मझगांव डॉक में कुल 84.8% हिस्सेदारी थी

Mazagon Dock Shares: मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड के शेयर आज 4 अप्रैल को कारोबार शुरू होते ही 6 फीसदी से अधिक गिर गए। यह गिरावट सरकार द्वारा कंपनी में अपनी हिस्सेदारी बेचने की घोषणा के बाद आई है। सरकार इस कंपनी में ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए अपनी 4.83 प्रतिशत हिस्सेदारी बाजार में उतारेगी। गुरुवार शाम को इस OFS की घोषणा की गई थी। मझगांव डॉक, भारत सरकार के स्वामित्व वाली एक डिफेंस कंपनी है।

दिसंबर तिमाही के अंत तक सरकार के पास मझगांव डॉक में कुल 84.8% हिस्सेदारी थी। इस बिक्री के लिए सरकार ने ₹2,525 प्रति शेयर का फ्लोर प्राइस तय किया है, जो गुरुवार के बंद भाव की तुलना में लगभग 8 प्रतिशत कम है।

OFS के तहत शुक्रवार को गैर-रिटेल निवेशकों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जबकि रिटेल निवेशकों के लिए यह ऑफर सोमवार, 7 अप्रैल से खुलेगा।


रिटेल निवेशक कैसे ले सकते हैं भाग?

- अगर आप एक रिटेल निवेशक हैं और इस OFS में भाग लेना चाहते हैं, तो इसके लिए आपको अपने ट्रेडिंग अकाउंट में लॉग इन करना होगा।

- वहां कॉरपोरेट एक्शन वाले सेक्शन में जाकर OFS के विकल्प को चुनना होगा।

- कैटेगरी में रिटेल का चयन करें और फिर बोली लगाएं।

- अगर आप फ्लोर प्राइस पर ही बोली लगाना चाहते हैं, तो ‘मार्केट ऑर्डर’ का चयन करें।

ध्यान देने वाली बात यह है कि OFS के लिए बोली केवल दोपहर 3 बजे तक ही लगाई जा सकती है, जबकि शेयर बाजार 3:30 बजे तक खुला रहता है।

OFS के दौरान निवेशक एक से ज्यादा बोली भी लगा सकते हैं, लेकिन इसके लिए उनके डीमैट अकाउंट में उतनी राशि उपलब्ध होना जरूरी है। साथ ही, बोली की राशि को ट्रेडिंग समय के दौरान बदला भी जा सकता है। हालांकि यह जरूरी नहीं कि जितने शेयरों के लिए बोली लगाई जाए, उतने ही शेयर मिलें। अगर OFS में भारी मांग होती है, तो निवेशकों को अपेक्षा से कम शेयर मिल सकते हैं और शेष राशि उन्हें वापस कर दी जाती है।

सुबह 9.30 बजे के करीब, मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स के शेयर 5.82% की गिरावट के साथ 2,578.20 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। हालांकि इस साल अबतक कंपनी के शेयरों में करीब 15 फीसदी की तेजी आ चुकी है।

यह भी पढ़ें- एक ही दिन में 500 अमीरों के ₹17.73 लाख करोड़ साफ, अमेरिकी टैरिफ की आंच में बुरी तरह झुलसी दौलत

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।