Mid-day Mood : घरेलू बेंचमार्क इंडेक्स बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी -50 आज लाल रंग में कारोबार कर रहे हैं। अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा मौजूदा फेडरल फंड दरों को बनाए रखने और ट्रेजरी यील्ड बढ़ने का अनुमान जाहिर करने के चलते बैंकिंग शेयरों ने बाजार को निगेटिव जोन में खींच लिया है। दोपहर 01:45 बजे के आसपास सेंसेक्स 440.04 अंक या 0.66 फीसदी की कमजोरी के साथ 65,991.76 पर और निफ्टी 113.40 अंक या 0.57 फीसदी टूटकर 19,699.20 पर नजर आ रहा था। लगभग 1278 शेयर बढ़त पर कारोबार कर रहे थे। जबकि 1811 शेयर गिरे थे। वहीं, 128 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ था।
अमेरिका में सितंबर में खुदरा बिक्री उम्मीद से ज्यादा मजबूत रही है। जिससे फेडरल रिजर्व द्वारा महंगाई को कम करने की कोशिश में ब्याज दरों को अधिक समय तक ऊंचा रखने की संभावना बढ़ गई है। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के दीपक जसानी का कहना है सितंबर में रिटेल खर्च पूर्वानुमानों को मात देते हुए 0.7% बढ़ गया है जबकि वॉल स्ट्रीट जर्नल द्वारा कराए गए सर्वेक्षण में अर्थशास्त्रियों ने इसमें 0.2 फीसदी बढ़त की उम्मीद जाहिर की थी।
बाजार अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड बढ़ने का असर भी महसूस कर रहे हैं। अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड मंगलवार को 16 और 17 साल के हाई पर बंद हुआ था। 10-ईयर ट्रेजरी नोट 13.7 बेसिस प्वाइंट चढ़कर 4.846 पर पहुंच गया, जो 2007 के बाद का सबसे हाई लेवल है।
इटली में एंड-टू-एंड ऑप्टिकल नेटवर्क की तैनाती के लिए फाइबरकनेक्ट के साथ समझौता करने के बाद 18 अक्टूबर को बीएसई पर तेजस नेटवर्क के शेयर 2 फीसदी बढ़कर 895 रुपये पर पहुंच गए। पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया से 347.29 करोड़ रुपये का कॉन्ट्रैक्ट मिलने के बाद बजाज इलेक्ट्रिकल्स के शेयर भी लगभग 1 फीसदी भागे हैं।
दूसरी तिमाही में 375 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज करने के बाद सीआईई ऑटोमोटिव्स इंडिया के शेयर 1 प्रतिशत से अधिक बढ़कर 500 रुपये पर पहुंच गए हैं। आज के कारोबारी सत्र में गिरने वाले शेयरों में आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ और बायोकॉन के नाम शामिल हैं।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।