भारतीय शेयर बाजार में विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) की ओर से बिकवाली के दबाव में अब कमी देखी जा रही है। वैश्विक स्तर पर चिंताएं कम होने और रूस-यूक्रेन संघर्ष में कमी की उम्मीद के बीच FPI ने पिछले सप्ताह शुद्ध रूप से 1,794 करोड़ रुपये (19.4 करोड़ डॉलर) के शेयर बेचे। FPI का रुख कुछ सकारात्मक होने के बावजूद यह उनकी बिकवाली का लगातार 15वां सप्ताह रहा। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, मॉर्निंगस्टार इनवेस्टमेंट के एसोसिएट डायरेक्टर-मैनेजर रिसर्च हिमांशु श्रीवास्तव का कहना है, ‘‘आगे चलकर FPI का सतर्क रुख कायम रहेगा। वे अमेरिकी केंद्रीय बैंक के ब्याज दर पर रुख, भू-राजनीतिक घटनाक्रमों, और भारत के डॉमेस्टिक इकोनॉमिक आउटलुक पर कुछ स्पष्टता का इंतजार कर रहे हैं।’’
