Muhurat Trading 2022: दीपावली पर शेयर बाजारों में 1 घंटे के लिए होगी मुहूर्त ट्रेडिंग, जानें समय, इसका महत्व और बाकी डिटेल

हिंदू संवत वर्ष 2079 (Samvat 2079) की शुरुआत के पहले दिन दीपावली (Diwali 2022) पर भारतीय शेयर बाजार शाम सवा 6 बजे से सवा 7 बजे तक एक घंटे ‘मुहूर्त ट्रेडिंग (Muhurat Trading)’ के लिए खुले रहेंगे

अपडेटेड Oct 21, 2022 पर 4:33 PM
Story continues below Advertisement
Muhurat Trading: ऐसी मान्यता है कि ‘मुहूर्त’ के दौरान सौदे करना शुभ होता है

हिंदू संवत वर्ष 2079 (Samvat 2079) की शुरुआत के पहले दिन दीपावली (Diwali 2022) पर सोमवार 24 अक्टूबर को प्रमुख शेयर बाजार बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में एक घंटे का विशेष कारोबारी सत्र होगा, जिससे ‘मुहूर्त ट्रेडिंग (Muhurat Trading)’ कहा जाता है।

दोनों शेयर बाजारों ने अलग-अलग सर्कुलर में बताया कि यह कारोबारी सत्र शाम को 6:15 PM से 7:15 PM के बीच होगा। ब्लॉक डील सेशन शाम 5.45 से शाम 6 बजे तक होगा और प्री-ओपनिंग सेशन शाम 6 बजे से शाम 6.08 बजे के बीच होगा।

दिवाली और लक्ष्मी पूजन के कारण इस दिन नियमित ट्रेडिंग बंद रहेगी। शेयर बाजार बस Muhurat Trading के लिए शाम में एक घंटे के लिए खुलेंगे। यह एक प्रतीकात्मक और पुरानी परंपरा है जिसे ट्रेडिंग कम्युनिटी ने पिछले 100 सालों से अधिक समय से बनाए रखा है और इसे हर साल मनाते हैं। ऐसी मान्यता है कि ‘मुहूर्त’ के दौरान सौदे करना शुभ होता है और यह वित्तीय समृद्धि लाता है।


ऑनलाइन ब्रोकरेज फर्म अपस्टॉक्स (Upstox) के डायरेक्टर पुनीत माहेश्वरी ने न्यूज एजेंसी से पीटीआई से बातचीत में कहा, "किसी भी नई चीज की शुरुआत करने के लिए दीपावली को सबसे अच्छा वक्त माना जाता है। बाजार में निवेशकों का सेंटीमेंट पॉजिटिव है और विभिन्न सेक्टर्स में खरीदारी हो रही है। माना जाता है कि इस सत्र के दौरान खरीदारी करने पर निवेशक को सालभर लाभ मिलता है।"

यह भी पढ़ें- वौलेटिलिटी के बावजूद इस साल के अंत तक निफ्टी पार कर लेगा 18000 का स्तर: मार्केट सेंटीमेंट सर्वे

उन्होंने कहा कि यह सत्र केवल एक घंटे का है इसलिए नए कारोबारियों को इस दौरान सतर्कता बरतनी चाहिए क्योंकि बाजार में उतार-चढ़ाव आता रहता है।

Sanctum Wealth में प्रॉडक्ट एंड सॉल्यूशंस के को-हेड मनीष जेलोका ने कहा कि संवत 2078 के दौरान (पिछली दिवाली से इस दिवाली तक) भारतीय शेयर बाजारों ने ग्लोबल बाजारों की तुलना में काफी अच्छा प्रदर्शन किया था और इसे संवत 2079 में भी जारी रहने की उम्मीद है। भारतीय शेयर बाजारों में 26 अक्टूबर को भी दिवाली बालिप्रतिपदा के मौके पर कारोबार बंद रहेगा।

आज सपाट बंद हुआ शेयर बाजार

इस बीत संवत के आखिरी दिन आज यानी शुक्रवार 21 अक्टूबर को बाजार फ्लैट बंद हुआ। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 104.25 अंक यानी 0.18 फीसदी की बढ़त के साथ 59,307.15 के स्तर पर बंद हुआ। वही निफ्टी 12.30 अंक यानी 0.07 फीसदी की बढ़त के साथ 17,576.30 के स्तर पर बंद हुआ।

बैंकिंग शेयरों में शानदार तेजी देखने को मिली। नतीजों के बाद एक्सिस बैंक 10% चढ़ा । वहीं कंज्यूमर गुड्स, मेटल शेयरों पर दबाव देखने को मिला। ब्रॉडर मार्केट पर नजर डालें तो आज मिडकैप, स्मॉलकैप शेयरों में बिकवाली रही। बीएसई का मिड कैप इंडेक्स 0.75 फीसदी की गिरावट के साथ 24,805.15 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं स्मॉलकैप इंडेक्स 0.60 फीसदी टूटकर 28,566.82 के स्तर पर बंद हुआ।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।