वीजा सर्विस मुहैया कराने वाली देश की प्रमुख कंपनियों में शामिल BLS इंटरनेशनल सर्विसेज (BLS International Services) अगले कुछ दिनों में अपने शेयरधारकों को बोनस शेयर (Bonus Share) जारी करने वाली है। कंपनी ने बताया कि वह योग्य शेयरधारकों को 1:1 के अनुपात में बोनस शेयर जारी करेगी और इसके लिए उसने 10 दिसंबर को रिकॉर्ड डेट (Record Date) तय किया है। BLS International Services की गिनती साल 2022 के मल्टीबैगर शेयरों में होती है, जो इस साल अबतक निवेशकों को करीब 285% से अधिक का रिटर्न दे चुकी है। यह एक मिड-कैप स्टॉक है, जिसकी मार्केट वैल्यू करीब 7,500 करोड़ रुपये है।
BLS International Services ने बताया वह योग्य शेयरधारकों को 1 रुपये फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर के बदले में 1 रुपये फेस वैल्यू वाला अतिरिक्त शेयर देगी। योग्य शेयरधारकों की पहचान के लिए कंपनी ने 10 दिसंबर को रिकॉर्ड डेट तय किया है। ऐसे में इसके शेयर 8 दिसंबर से एक्स-बोनस के तौर पर कारोबार करने लगेंगे।
BLS International Services के शेयर मंगलवार को NSE पर 1.32% गिरकर 365.00 रुपये के भाव पर बंद हुए। पिछले एक महीने में कंपनी के शेयरों में करीब 7.67% की तेजी आई है। वहीं पिछले 6 महीने में इसने अपने निवेशकों को 103.51% का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है। वहीं इस साल की शुरुआत से इसके शेयरों में करीब 285% की तेजी आई है।
1 लाख रुपये को बना दिया 3.85 लाख
इसका मतलब है कि अगर किसी निवेशक ने इस साल की शुरुआत में BLS International Services के शेयरों में 1 लाख रुपये लगाया होता और उसे अबतक बेचा नहीं होता, तो आज उसके 1 लाख रुपये की वैल्यू बढ़कर 3.85 लाख रुपये हो गई होती। वहीं अगर किसी निवेशक ने 6 महीने पहले भी इस शेयर में 1 लाख रुपये लगाया होता तो, आज उसके निवेश की वैल्यू बढ़कर 2 लाख रुपये हो गई होती
क्या होता है बोनस शेयर और रिकॉर्ड डेट?
सामान्य तौर पर कोई कंपनी अपने शेयर धारकों को इंसेंटिव के तौर पर बोनस शेयर जारी करती है। इसको अतिरिक्त शेयर भी कहा जा सकता है। इस बोनस शेयर के रेशियो का निर्धारण कंपनी का बोर्ड करता है। बोनस शेयर के तहत 3 तिथियां महत्तवपूर्ण होती हैं। ये हैं रिकॉर्ड डेट, एक्स डेट और इश्यू डेट। रिकॉर्ड डेट वह डेट होती है जिसके आधार पर किसको बोनस शेयर जारी किया जाएगा इसका निर्धारण किया जाता है। इसका मतलब यह है कि जिनके पास रिकॉर्ड डेट को कंपनी के शेयर होते हैं उनको ही बोनस शेयर जारी किया जाता है।
वहीं एक्स बोनस डेट उस तिथि को कहते है जो आम तौर पर रिकॉर्ड डेट के एक दिन पहले होती है। बोनस शेयर पाने की पात्रता हासिल करने के लिए किसी निवेशक के पास एक्स -डेट के कम से कम एक या दो दिन पहले कंपनी के स्टॉक की होल्डिंग होनी चाहिए।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।