Neogen Chemicals Share Price: नियोजेन केमिकल्स के शेयरों में आज 17 सितंबर को 12 फीसदी से अधिक की तूफानी तेजी आई। यह तेजी ब्रोकरेज फर्म एवेंडस स्पार्क (Avendus Spark) की एक रिपोर्ट के बाद आया, जिसमें उसने अगले एक साल में इस शेयर के मल्टीबैगर बन जाने की उम्मीद जताई है। इसके साथ ही एवेंडस स्पार्क ने इस शेयर को 'Buy' रेटिंग के साथ कवर करना शुरू किया है। ब्रोकरेज ने कहा कि अगले 12 महीने में यह शेयर 3,600 रुपये के स्तर तक पहुंच सकता है। यह सोमवार के बंद भाव से इस शेयर में करीब 111 फीसदी की तेजी आने की संभावना जताता है। वहीं अगले 3 साल में उसे नियोजेन केमिकल्स के शेयर के 4,500 तक जाने का अनुमान है।
ब्रोमीन/लिथियम चेन में नियोजेन का मौजूदा कारोबार अपेक्षाकृत छोटे आकार का है और मैच्योरिटी अवस्था में है। कंपनी पहले से ही लिथियम कार्बोनेट की सबसे बड़ी इंपोर्टर है।
ब्रोकरेज ने कहा कि अमेरिकी सरकार के इंफ्लेशन रिडक्शन एक्ट में घरेलू मार्केट से खरीदारी की सख्त शर्तें शामिल की गई हैं। साथ ही चीन को खासतौर से सप्लाई चेन से बाहर रखने का प्रयास किया गया है। एवेंडस स्पार्क का मानना है कि इसके चलते नियोजेन और गुजरात फ्लोरोकेमिकल्स जैसी भारतीय कंपनियों को फायदा हो सकता है। ब्रोकरेज ने कहा कि चीन के बाहर होने से भारतीय कंपनियों का सीधा मुकाबला अब जापान और कोरिया से है, जहां पर मैन्युफैक्चरिंग लागत काफी अधिक है।
एवेंडस स्पार्क ने कहा कि नियोजेन केमिकल्स इस समय अपने इलेक्ट्रिक व्हीकल बिजनेस को बढ़ाने की कोशिश में है। इस सेगमेंट में कंपनी की अभी 1,200 करोड़ रुपये और निवेश करने की योजना है। इसके चलते इसका शुद्ध कर्ज वित्त वर्ष 2024 के 400 करोड़ रुपये से बढ़कर वित्त वर्ष 2026 में 1,700 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है। हालांकि 2027 से इसमें गिरावट आने की उम्मीद है।
ब्रोकरेज ने कहा कि नियोजेन का शुद्ध कर्ज वित्त वर्ष 2026 में उसके EBITDA के 7 गुना तक बढ़ सकता है। लेकिन उसके बाद वित्त वर्ष 2027 में यह घटकर 4 गुना रह जाएगा। हालांकि ब्रोकरेज का मानना है कि अगर कंपनी का एग्जिक्यूशन सही रहता है और वह इसमें विस्तार करती है, तो इस निवेश से आने में रिटर्न आने में देर नहीं लगेगी।
एवेंडस स्पार्क ने कहा कि सिर्फ मौजूदा बिजनेस के रेवेन्यू ग्रोथ के वित्त वर्ष 2024 से 2028 के बीच 15% से अधिक रहने का अनुमान है। वहीं ऑपरेटिंग प्रॉफिट मार्जिन के 18 से 19 फीसदी के बीच रहने का अनुमान है। वित्त वर्ष 2028 तक नियोजने का बैटरी बिजनेस से रेवेन्यू 1,900 करोड़ रुपये और EBITDA मार्जिन 22 फीसदी रह सकता है।
खबर लिखे जाने के समय नियोजेन केमिकल्स के शेयर 12 फीसदी की बढ़त के साथ 1,794.65 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। इस साल अबतक कंपनी के शेयरों में करीब 22 फीसदी की तेजी आई है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।