NSE Share Price: शेयरों की धमाकेदार तेजी के साथ नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) अब मार्केट वैल्यू के हिसाब से दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टॉक एक्सचेंज बन गया। लगातार दूसरे कारोबारी दिन इसके शेयर रॉकेट बने हैं और अब इसके साथ ही नवंबर महीने में अब तक 18 कारोबारी दिनों में यह 14 दिन मजबूत हुआ है। पिछले महीने अक्टूबर में यह 34% ऊपर चढ़ा था। फिलहाल बीएसई पर यह 2.52% की बढ़त के साथ ₹2376.00 पर है। इंट्रा-डे में यह 3.55% उछलकर ₹2,400.00 के रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया था।
रिकॉर्ड हाई पर पहुंचने के साथ ही एनएसई का मार्केट कैप अब ₹6 लाख करोड़ ($64.1 अरब) के करीब पहुंच गया और इसने $63.4 अरब के Deutsche Boerse AG और $62.4 बिलियन यानी $62.4 अरब को लंदन स्टॉक एक्सचेंज (LSE) को पीछे छोड़ दिया। एनएसई से आगे अब $111.6 बिलियन की मार्केट वैल्यू के साथ CME ग्रुप इंक और $99.4 बिलियन की वैल्यू के साथ इंटरनेशनल एक्सचेंज है।
अब तक कैसी रही NSE के शेयरों की चाल
एनएसई के शेयर आईपीओ निवेशकों को ₹1785 के भाव पर जारी हुए थे। घरेलू स्टॉक मार्केट में इसकी 24 सितंबर 2026 को ₹1800 के भाव पर एंट्री हुई थी। इसके बाद उठा-पटक के साथ अगले महीने 23 अक्टूबर 2026 को बीएसई पर यह ₹1,640.25 के भाव पर आ गया था, जोकि इसके शेयरों के लिए रिकॉर्ड निचला स्तर है। इस निचले स्तर से तेजी से रिकवरी करते हुए एक महीने में यह 46.32% चढ़कर आज 26 नवंबर 2026 को ₹2,400.00 के लेवल पर पहुंच गया जोकि इसके शेयरों के लिए रिकॉर्ड हाई लेवल है
वैश्विक ब्रोकरेज फर्म एचएसबीसी ने एनएसई की होल्ड रेटिंग के साथ कवरेज शुरू की है और टारगेट प्राइस ₹2,300 पर फिक्स किया है। ब्रोकरेज फर्म का कहना है कि एनएसई फंडामेंटल तौर पर काफी मजबूत है लेकिन शेयर की कीमत पहले ही काफी ऊंचे लेवल पर पहुंच चुकी है। खास बात ये है कि एनएसई को कवर करने वाले एनालिस्ट्स में से सबसे पहले एचएसबीसी ही इसे लेकर न्यूट्रल है और इसके पहले इसे कवर करने वाले 17 एनालिस्ट्स में से सभी ने इसे खरीदारी की रेटिंग दी थी। इस हफ्ते की शुरुआत में घरेलू ब्रोकरेज फर्म ICICI सिक्योरिटीज ने एनएसई का ₹2650 के लेवल पर हाइएस्ट टारगेट प्राइस फिक्स किया था।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।