सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली कंपनी NTPC के शेयरों में 4 जनवरी को 5 प्रतिशत तक का उछाल दर्ज किया गया। इतना ही नहीं कंपनी के शेयरों ने 52 सप्ताह का नया उच्च स्तर भी छुआ। ताजा डेवलपमेंट के तहत ब्रोकरेज Axis Securities ने NTPC के शेयर के लिए 'बाय' रेटिंग देते हुए टार्गेट प्राइस 345 रुपये प्रति शेयर रखा है। इसका अर्थ है कि एनालिस्ट्स को शेयर के 345 रुपये के भाव पर पहुंचने की उम्मीद है। यह बीएसई पर शेयर के पिछले बंद भाव 306.25 रुपये से करीब 12.7 प्रतिशत ज्यादा है। ब्रोकरेज की ओर से बाय रेटिंग दिए जाने के बाद निवेशकों की ओर से NTPC के शेयरों में खरीद देखी जा रही है।
सुबह शेयर बढ़त के साथ बीएसई पर 310.60 रुपये पर खुला। दिन में इसने पिछले बंद भाव से 5 प्रतिशत तक की तेजी देखी और 52 सप्ताह के नए हाई 321.70 रुपये पर जा पहुंचा। इसी तरह एनएसई पर शेयर 310.90 रुपये पर खुलकर 321.75 रुपये तक चढ़ा, जो इस इंडेक्स पर शेयर का 52 सप्ताह का नया उच्च स्तर है। ट्रेडिंग बंद होने पर शेयर 3.5 प्रतिशत की बढ़त के साथ 317 रुपये पर सेटल हुआ। NTPC के शेयर ने पिछले एक साल में करीब 84 प्रतिशत का रिटर्न दिया है। बीएसई पर कंपनी का मार्केट कैप वर्तमान में 3,08,402.47 करोड़ रुपये है।
Axis Securities की रिपोर्ट के मुताबिक, कनवेंशनल पावर में NTPC के पोर्टफोलियो ने एक मजबूत कॉस्ट-प्लस बिजनेस मॉडल के साथ कंपनी को लगातार बढ़ते पावर साइकिल में अच्छी पोजिशन दिलाई है। यह स्थिर कैश फ्लो में योगदान करने और रिन्यूएबल एनर्जी की अगुवाई में विकास की सुविधा प्रदान करने में मदद करेगा। रिपोर्ट में कहा गया है कि मौजूदा बिजली घाटे की भरपाई के लिए थर्मल कैपेक्स रिवाइवल NTPC की मदद करेगा। अभी NTPC की लगभग 10 GW की थर्मल कैपेसिटी, अंडर कंस्ट्रक्शन है। इसके FY2026 तक शुरू हो जाने की उम्मीद है। यह कंपनी को 11.2 GW की थर्मल कैपेसिटी प्रदान करेगा।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।