Ola Electric Share Price: सोमवार, 1 जून को Ola Electric Mobility के शेयरों में गिरावट देखने को मिली। दिलचस्प बात यह है कि कंपनी की मई महीने की बिक्री पिछले 7 महीनों के सबसे ऊंचे स्तर पर रही। इसके बावजूद शेयर में मुनाफावसूली देखने को मिली। इससे पहले पिछले 10 कारोबारी सत्रों में शेयर 7 बार बढ़त के साथ बंद हुआ था।
मई में 15,139 यूनिट्स की बिक्री
VAHAN डेटा के मुताबिक Ola Electric ने मई 2026 में 15,139 इलेक्ट्रिक स्कूटर बेचे। यह पिछले 7 महीनों का सबसे अच्छा मासिक आंकड़ा है।
हालांकि एक साल पहले की तुलना में बिक्री 20% कम रही। लेकिन अप्रैल 2026 में बेची गई 12,323 यूनिट्स के मुकाबले इसमें 23% की बढ़ोतरी दर्ज की गई। यह लगातार तीसरा महीना है जब कंपनी की मासिक बिक्री बढ़ी है।
जून में हासिल करना होगा बड़ा लक्ष्य
अप्रैल और मई को मिलाकर Ola Electric ने 27,462 यूनिट्स की बिक्री की है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के लिए 40,000 से 45,000 यूनिट्स बिक्री का लक्ष्य रखा है। इस लक्ष्य तक पहुंचने के लिए जून में कंपनी को कम से कम 12,540 यूनिट्स से ज्यादा की बिक्री करनी होगी।
पूरे EV सेक्टर में भी बढ़ी मांग
VAHAN डेटा के मुताबिक, मई महीने में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर इंडस्ट्री की कुल बिक्री बढ़कर 1.70 लाख यूनिट्स हो गई। अप्रैल में यह 1.48 लाख यूनिट्स थी। यानी पूरे सेक्टर की बिक्री में करीब 15% की बढ़ोतरी देखने को मिली है।
मार्च तिमाही के नतीजे कैसे रहे?
ओला इलेक्ट्रिक के मार्च तिमाही नतीजे मिले-जुले रहे। कंपनी का रेवेन्यू एक साल पहले के 611 करोड़ रुपये से घटकर 265 करोड़ रुपये रह गया। हालांकि, अच्छी बात यह रही कि शुद्ध घाटा 870 करोड़ रुपये से घटकर 500 करोड़ रुपये पर आ गया। वहीं EBITDA घाटा भी 690 करोड़ रुपये से घटकर 281 करोड़ रुपये रह गया।
सर्विस समस्याओं में आया सुधार
ओला का ग्रॉस मार्जिन 13.7% से बढ़कर 38.5% हो गया। मैनेजमेंट का कहना है कि FY26 के दौरान सर्विस से जुड़ी दिक्कतों की वजह से मांग प्रभावित हुई थी, लेकिन अब स्थिति काफी बेहतर हो गई है। कंपनी के मुताबिक अक्टूबर 2025 से मार्च 2026 के बीच सर्विस पूरा करने का औसत समय 88% घटा है। साथ ही लंबित सर्विस मामलों की संख्या में भी बड़ी कमी आई है।
मई की मजबूत बिक्री और घाटा घटने के बावजूद शेयर में गिरावट दिखी। इससे पहले के 6 कारोबारी सत्र में स्टॉक करीब 20% चढ़ा था। पिछले करीब 3 महीने में इसने पैसे डबल कर दिए। यही वजह है कि अच्छी बिक्री के बावजूद शेयरों में मुनाफावसूली हुई।
सोमवार को Ola Electric का शेयर 5% गिरकर 39.40 रुपये पर बंद हुआ। हालांकि मौजूदा स्तर पर भी शेयर अपने ऑल-टाइम लो 22.25 रुपये के मुकाबले करीब दोगुना ऊपर कारोबार कर रहा है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।