Paytm Share Price: पेटीएम की मूल कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस के शेयरों में जारी गिरावट का सिलसिला बुधवार 13 दिसंबर को भी जारी रहा। दिन के कारोबार में पेटीएम के शेयर करीब 3.5% तक लुढ़ककर करीब 592.70 रुपये के भाव पर पहुंच गए, जो इसका पिछले 8 महीने का सबसे निचला स्तर है। इससे पहले मार्च 2023 में पेटीएम के शेयरों को इस स्तर पर कारोबार करते देखा गया था। दिसंबर महीने की शुरुआत से या पिछले 8 कारोबारी दिन में पेटीएम का शेयर 30% से अधिक नीचे आ गया है। इसके साथ पेटीएम के शेयर अब अपने 52-वीक हाई से करीब 40.48% दूर है। पेटीएम का 52-वीक हाई 998.30 रुपये है। पेटीएम के शेयर पोस्टपोड लोन को लेकर अपनी बिजनेस रणनीति में बदलाव के बाद से दबाव में हैं।
इस रणनीतिक बदलाव के बाद कई एनालिस्ट्स ने पेटीएम के शेयरों की रेटिंग घटाई है या उसके टारगेट प्राइस में कटौती की है। मोतीलाल ओसवाल ने पेटीएम के स्टॉक के लिए टारगेट प्राइस घटाकर 1,025 रुपये कर दिया है। हालांकि यह अभी भी अगले एक साल के नजरिए से इस स्टॉक में पर्याप्त तेजी का संकेत देता है।
पेटीएम ने बीते 6 दिसंबर को एनालिस्ट्स के साथ एक बैठक में कहा कि वह छोटे साइज के पोस्टपेड लोन में अपनी उपस्थिति को कम करेगी। इसकी जगह कंपनी अब अधिक टिकट-साइज वाले लोन सेगमेंट पर फोकस करेगी। इन लोन का साइज 3 से 7 लाख रुपये के बीच रहने वाला है। इसी के बाद से पेटीएम के स्टॉक दबाव में हैं।
पेटीएम ने कहा- रेवेन्यू पर नहीं पड़ेगा असर
पेटीएम ने अपनी एनालिस्ट मीट में कहा कि छोटे साइज के पोस्टपेड लोन कम करने के फैसले से उसके पोस्टपेड लोन आधे हो सकते हैं, लेकिन इसका मार्जिन या रेवेन्यू पर कोई असर नहीं पड़ेगा। कंपनी ने इसके पीछे कारण दिया है कि पोस्टपेड की टेक रेट सबसे कम है और इसलिए रेवेन्यू पर असर न्यूनतम होगा।
Paytm की रेवेन्यू ग्रोथ के लिए अहम है लोन डिस्ट्रीब्यूशन बिजनेस
पेटीएम कई तरह के लोन देती है। इसमें पर्सनल लोन से लेकर मर्चेंट लोन और पेटीएम पोस्टपेड शामिल है। पिछले कुछ सालों में इसने अपने लोन बिजनेस को काफी बढ़ाया है। हालिया सितंबर तिमाही में कंपनी ने बतौर लोन 16,211 करोड़ रुपये बांटे, जबकि एक साल पहले यह आंकड़ा महज 1,257 करोड़ रुपये का था।
फिलहाल Paytm के पास लोन डिस्ट्रीब्यूशन के लिए 7 NBFC पार्टनर हैं। इसके अलावा यह एक बड़े बैंक और 2 बड़े NBFC को भी जोड़ने की प्रक्रिया में है। उम्मीद की जा रही है कि वित्त वर्ष 2024 की चौथी तिमाही या वित्त वर्ष 2025 की पहली तिमाही के दौरान यह पूरा हो जाएगा। इसके अलावा कंपनी 3 क्रेडिट कार्ड पार्टनर हैं और एक नए बैंक के साथ यह पार्टनरशिप की प्रक्रिया है।