Polycab India Q2 Result: वायर और केबल कंपनी पॉलीकैब इंडिया का सितंबर तिमाही में मुनाफा 42% से अधिक और रेवेन्यू करीब 53% बढ़ गया। हालांकि इसके शेयरों की गिरावट को सितंबर तिमाही के धमाकेदार कारोबारी नतीजे भी नहीं संभाल पाए। सितंबर तिमाही में पॉलीकैब का मुनाफा और रेवेन्यू उम्मीद से अधिक रफ्तार से बढ़ा लेकिन एक मोर्चे पर इसे ऐसा झटका लगा कि शेयर बुरी तरह टूट गए। फिलहाल बीएसई पर यह 2.73% की गिरावट के साथ ₹8092.55 पर है। इंट्रा-डे में यह 2.81% टूटकर ₹8,086.55 तक आ गया था।
Polycab India Q2 Result: खास बातें
चालू वित्त वर्ष 2026 की दूसरी तिमाही जुलाई-सितंबर 2026 में पॉलीकैब इंडिया का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 42.59% उछलकर ₹977.37 करोड़ और ऑपरेशंस से रेवेन्यू 52.83% चढ़कर ₹9898.90 करोड़ पर पहुंच गया जोकि उम्मीद से काफी बेहतर रहे। सीएनबीसी-टीवी18 पोल में कंपनी को ₹821 करोड़ के मुनाफे और ₹8,889 करोड़ के रेवेन्यू का अनुमान लगाया गया था।
इस दौरान कंपनी का ऑपरेटिंग लेवल पर परफॉरमेंस मिला-जुला रहा। सितंबर तिमाही में सालाना आधार पर कंपनी का ईबीआईटीडीए 39.36% बढ़कर ₹1422.50 करोड़ पर पहुंच गया जबकि अनुमान करीब ₹1,221 करोड़ का था। हालांकि ईबीआईटीडीए मार्जिन 150 बेसिस प्वाइंट्स 15.76% से फिसलकर 14.37% पर आ गया। मार्जिन में गिरावट तो हुई लेकिन यह उम्मीद से कम रही क्योकि सीएनबीसी-टीवी18 के पोल में अनुमान 13.7% का था।
अब सेगमेंटवाइज कंपनी के बिजनेस परफॉरमेंस की बात करें तो घरेलू बिजनेस की 50% की ग्रोथ के दम पर वायर और केबल बिजनेस से इसका रेवेन्यू 47% बढ़ गया। एंड-यूजर सेगमेंट में मजबूत मांग, लगातार इंफ्रा एक्टिविटीज और प्रोजेक्ट स्प्रिंग के तहत मजबूत एग्जीक्यूशन से इस डिवीजन की ग्रोथ को सपोर्ट मिला। इसमें भी वायर्स सेगमेंट का परफॉरमेंस केबल्स सेगमेंट के मुकाबले अधिक बेहतर रहा, तो इंस्टीट्यूशनल सेल्स की तुलना में चैनल सेल्स में अधिक तेज ग्रोथ दिखी।
कंपनी का इंटरनेशनल बिजनेस वैश्विक स्तर पर चुनौतीपूर्ण मैक्रो माहौल के बावजूद सालाना आधार पर 17% की रफ्तार से बढ़ा।
इसके अलावा मजबूत मांग के दम पर एफएमईजी सेगमेंट का रेवेन्यू सालाना आधार पर 124% बढ़ गया तो सोलर सेगमेंट में कई गुना ग्रोथ जारी रही और इस सेगमेंट में सबसे अधिक रेवेन्यू इसी से आया। एफएमईजी बिजनेस का ईबीआईटी मार्जिन भी पहली बार दहाई के आंकड़े को पार करते हुए 10.1% तक पहुंच गया।
EPC डिवीजन के रेवेन्यू में 53% की ग्रोथ रही और इसका मार्जिन 7.2% रहा। इसे मजबूत ऑर्डर बुक से सपोर्ट मिला।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल
पॉलीकैब इंडिया के शेयरों ने निवेशकों की कम समय में ताबड़तोड़ कमाई कराई है। 27 जनवरी 2026 को बीएसई पर यह ₹6,660.50 के भाव पर था, जोकि इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इस निचले स्तर से पांच ही महीने में यह 52.07% उछलकर 22 जून 2026 को ₹10,128.60 पर पहुंच गया जोकि इसके शेयरों के लिए रिकॉर्ड हाई लेवल है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।