Premier Energies का शेयर इंट्राडे में 10% तक भागा, ₹765 करोड़ के ऑर्डर्स से मिला बूस्ट

Premier Energies Share Price: प्रीमियर एनर्जीस सितंबर महीने की शुरुआत में शेयर बाजारों में लिस्ट हुई थी। नए मिले ऑर्डर्स में सोलर मॉड्यूल्स के लिए 632 करोड़ रुपये के ऑर्डर और सोलर सेल्स के लिए 133 करोड़ रुपये के ऑर्डर शामिल हैं। इसका 2,830.40 करोड़ रुपये का IPO 75 गुना भरा था

अपडेटेड Oct 14, 2024 पर 3:49 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Premier Energies में अगस्त 2024 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 64.25 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।

Premier Energies Stock Price: प्रीमियर एनर्जीस के शेयरों में 14 अक्टूबर को अच्छी खरीद देखने को मिली और कीमत इंट्राडे में 10 प्रतिशत तक उछल गई। हालांकि बाद में तेजी 2 प्रतिशत पर सिमट गई। कंपनी फुली इंटीग्रेटेड सोलर सेल और सोलर मॉड्यूल की देश की दूसरी सबसे बड़ी मैन्युफैक्चरर है। प्रीमियम एनर्जीस ने शेयर बाजारों को बताया है कि उसकी दो सब्सिडियरीज Premier Energies International Private Ltd. और Premier Energies Photovoltaic Private Ltd. को कई कस्टमर्स से 765 करोड़ रुपये के कई ऑर्डर मिले हैं।

इतने बड़े ऑर्डर की खबर से शेयरों में खरीद तेज हो गई। बीएसई पर 14 अक्टूबर को प्रीमियर एनर्जीस के शेयर में पिछले बंद भाव से करीब 10 प्रतिशत की तेजी देखी गई और 1217 रुपये का हाई हिट हुआ। कारोबार बंद होने पर शेयर 2 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त के साथ 1134.25 रुपये पर सेटल हुआ। शेयर का 52 सप्ताह का उच्च स्तर 1,264.90 रुपये है। कंपनी में अगस्त 2024 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 64.25 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।

सोलर मॉड्यूल्स के लिए 632 करोड़ के ऑर्डर


एक्सचेंज फाइलिंग में कहा गया कि ऑर्डर्स में सोलर मॉड्यूल्स के लिए 632 करोड़ रुपये के ऑर्डर और सोलर सेल्स के लिए 133 करोड़ रुपये के ऑर्डर शामिल हैं। इन मॉड्यूल्स की सप्लाई जुलाई 2025 में शुरू की जानी है। ऑर्डर 8 घरेलू कस्टमर्स और 1 विदेशी कस्टमर से मिले हैं। कंपनी के प्रोडक्ट पोर्टफोलियो में सेल, सोलर मॉड्यूल्स, बाईफेशियल मॉड्यूल्स, EPC सॉल्यूशंस और O&M सॉल्यूशंस शामिल हैं। इसकी हैदराबाद में 5 मैन्युफैक्चरिंग यूनिट हैं।

MTNL के लिए आ सकता है रिवाइवल प्लान, बच सकती है NCLT में जाने से; शेयर 8% उछला

सितंबर में लिस्ट हुई थी Premier Energies

प्रीमियर एनर्जीस सितंबर महीने की शुरुआत में शेयर बाजारों में लिस्ट हुई थी। इसका 2,830.40 करोड़ रुपये का IPO 75 गुना भरा था। पिछले एक सप्ताह में शेयर की कीमत 14 प्रतिशत चढ़ी है। कंपनी के प्रमोटर सुरेंद्र पाल सिंह सलूजा और चिरंजीव सिंह सलूजा हैं।

वित्त वर्ष 2024 में कंपनी का शुद्ध मुनाफा 231.36 करोड़ रुपये रहा। वित्त वर्ष 2023 में कंपनी को 13.34 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। चालू वित्त वर्ष 2024-25 की बात करें तो पहली तिमाही अप्रैल-जून 2024 में इसे 198.16 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा और 1,668.79 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल हुआ।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।