Quess Corp Share Price: क्वेस कॉर्प के शेयर आज 17 दिसंबर को शुरुआती कारोबार में 10 फीसदी तक उछल गए। यह पिछले 12 हफ्तों में क्वेस कॉर्प के शेयरों में किसी एक दिन में आई सबसे बड़ी तेजी है। यह तेजी इस खबर के बाद आई कि ब्रोकरेज फर्म एंटीक ब्रोकिंग (Antique Broking) ने क्वेस कॉर्प के शेयरों में खरीदारी की सलाह दी है और इसके लिए 1,000 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। यह पहली बार है, जब क्वेस कॉर्प को किसी ब्रोकरेज ने 1,000 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। एंटीक ने कंपनी के बेहतर ग्रोथ आउटलुक पर भरोसा जताया है। एंटीक ने जो टारगेट प्राइस दिया है, वह सोमवार के बंद भाव से कंपनी के शेयरों में करीब 50 फीसदी तेजी आने की संभावना जताता है।
एंटीक ब्रोकिंग ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि क्वेस कॉर्प की ग्रोथ रफ्तार आगे भी जारी रहने की उम्मीद है। कंपनी को सभी सेगमेंट में दिख रहे मजबूत हायरिंग ट्रेंड्स से लाभ मिलने की उम्मीद है। नोट में कहा गया है, "लेबर रिफॉर्म्स के चलते इकोनॉमी में बढ़ा औपचारिकीकरण, गिग इकॉनमी में बढ़ोतरी, PLI स्कीम्स के जरिए कैपिटल एक्सपेंडिचर में बढ़ोतरी, चीन+1 रणनीति के चलते मैन्युफैक्चरिंग पर अधिक जोर, कम स्टाफिंग पेंट्रेशन और टियर-2 शहरों में मौजूद मौके कंपनी के लिए प्रमुख ग्रोथ इंजन हैं।"
ब्रोकरेज फर्म ने कहा कि भारत में तेजी से हो रहे शहरीकरण और ग्लोबल कैपेसिटी सेंटर्स में बढ़ोतरी के चलते क्वेस कॉर्प को BFSI, मैन्युफैक्चरिंग और टेलीकॉम सेक्टर में भी मजबूत ग्रोथ देखने को मिल रही है। एंटीक ने कहा कि वित्त वर्ष 2024 से 2027 के दौरान कंपनी का रेवेन्यू 12 से 14% CAGR की दर से बढ़ सकता है।
दोपहर 2.30 बजे के करीब, क्वेस कॉर्प के शेयर 7.59 फीसदी की तेजी के साथ 720.90 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। इस साल अबतक कंपनी के शेयरों में करीब 39.08 फीसदी की तेजी आ चुकी है। जबकि इसके मुकाबले निफ्टी इस दौरान सिर्फ करीब 12.11 फीसदी चढ़ा है। वहीं निफ्टी मिडकैप इंडेक्स में इस दौरान करीब 29 फीसदी की तेजी आई है।
क्वेस कॉर्प अपने कारोबार को भी तीन अलग-अलग कंपनियों में बांटने की तैयारी कर रही है। एंटीक ब्रोकिंग ने इसे भी कंपनी के लिए पॉजिटिव कदम बताया है। क्वेस कॉर्प ने हाल ही में कहा था कि कंपनी को उम्मीद है कि इस वित्त वर्ष के अंत तक उसका डीमर्जर पूरा हो जाएगा, और तीन अलग-अलग संस्थाओं को वित्त वर्ष 2026 की पहली तिमाही तक सूचीबद्ध किए जाने की संभावना है। बता दें कि क्वेस कॉर्प ने इसी साल फरवरी में तीन अलग-अलग बिजनेसों में विभाजन की योजना का ऐलान किया था।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।