SAIL Shares Price: लोकसभा चुनाव नतीजों के बाद से ही सरकारी कंपनियों के शेयरों में तगड़ी गिरावट देखी जा रही है। अब ब्रोकरेज फर्म कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज ने एक हालिया रिपोर्ट में कहा कि स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड यानी सेल (SAIL) के शेयरों में मौजूदा स्तर से अभी 40% की और गिरावट आ सकती है। उसने SAIL के शेयर को 85 रुपये का टारगेट दिया है और इसे बेचने की सलाह दी है। सिर्फ कोटक ही नहीं, बल्कि SAIL के शेयर को कवर करने वाले 26 में से 18 एनालिस्ट्स ने इस समय स्टॉक को Sell की रेटिंग दी हुई है। वहीं 7 ने इसे होल्ड करने की सलाह दी है। जबकि सिर्फ एक एनालिस्ट्स ने इसे Buy यानी खरीदने की रेटिंग दी है।
कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज का कहना है कि वित्त वर्ष 2024 से 2027 के दौरान SAIL की वॉल्यूम ग्रोथ धीमी रह सकती है। इस मौजूदा यूटिलाइजेशन 84% है। इसने यह भी कहा कि SAIL के मार्केट शेयर में आगे भी कमी आ सकती है, जो 2009 में 22% के स्तर से घटकर अब 12% रह गई है।
SAIL अपनी बैलेंस शीट को मजबूत बनाने के बाद अब कारोबार के विस्तार के अगले चरण की शुरुआत भी कर रहा है। कंपनी को वित्त वर्ष 2031 के अंत तक अपनी उत्पादन क्षमता में करीब 15 MTPA के विस्तार की उम्मीद है। ऐसे में कोटक का मानना है कि कंपनी लंबे समय तक अधिक कैपिटल एक्सपेंडिचर और नेगेटिव बैलेंस शीट का सामना कर सकती है।
मौजूदा वैल्यूएशन पर, SAIL दूसरी स्टील कंपनियों की तुलना में 25% के प्रीमियम पर कारोबार कर रहा है। फिलहाल यह शेयर अपने EV/EBITDA के 8.4 गुना के मल्टीपल पर कारोबार कर रहा है, जबकि इसकी राइवल कंपनियों का औसत 6.8 गुना है।
इसके अलावा SAIL का शेयर संभावित निजीकरण के कदम को लेकर भी चर्चा में रहा है। हालांकि, कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज का मानना है कि मौजूदा लोकसभा चुनाव में एनडीए को जो मामूली बहुमत मिला है, उससे ऐसे "अलोकप्रिय सुधारों" के होने की संभावना कम हो गई है।
NSE पर सुबह 10 बजे के करीब, SAIL के शेयर 2.65 फीसदी की तेजी के साथ 149.30 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। इस साल की शुरुआत से अबतक SAIL के शेयरों में करीब 19.73 फीसदी की तेजी आई है। वहीं पिछले एक साल में इसने निवेशकों को करीब 80 फीसदी का रिटर्न दिया है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।