Sangani Hospitals IPO Listing: गुजरात की मल्टी-स्पेशियलिटी हॉस्पिटल संगनी हॉस्पिटल्स (Sangani Hospitals) के शेयरों की आज घरेलू मार्केट में एंट्री हुई। इसके आईपीओ को भी अच्छा रिस्पांस मिला था और ओवरऑल 4.54 गुना भरा था। आईपीओ निवेशकों को इसके शेयर 40 रुपये में जारी हुए हैं। आज एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म NSE SME पर शेयरों की एंट्री 44 रुपये पर हुई है यानी कि 10 फीसदी लिस्टिंग गेन मिला। हालांकि लिस्टिंग के बाद शेयरों की चाल सुस्त हुई और दिन के आखिरी में यह 42.25 रुपये (Sangani Hospitals Share Price) पर बंद हुआ यानी कि हर शेयर पर आईपीओ निवेशक करीब 6 फीसदी मुनाफे में हैं।
Sangani Hospitals IPO के पैसों का कैसे होगा इस्तेमाल
संगनी हॉस्पिटल्स का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 4 अगस्त से 8 अगस्त के बीच खुला था। यह आईपीओ ओवरऑल 4.54 गुना सब्सक्राइब हुआ था। सबसे अधिक क्वालिफाईड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) का हिस्सा 11.42 गुना भरा था। इसके बाद खुदरा निवेशकों का हिस्सा 6.17 गुना और नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स का हिस्सा 1.38 गुना सब्सक्राइब हुआ था। ₹15.17 करोड़ के इस इश्यू के तहत 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 37.92 लाख नए शेयर जारी हुए हैं और ऑफर फॉर सेल के तहत शेयरों की बिक्री नहीं हुई है। इन शेयरों को जारी कर जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल कंपनी अपने दोनों हॉस्पिटल्स के विस्तार और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में करेगी।
यह एक मल्टी-स्पेशियलिटी हॉस्पिटल है जो गुजरात के केशोड और वेरावल में हेल्थकेयर सर्विसेज देती है। इन दोनों जगहों पर इसके दो हॉस्पिटल्स हैं। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो पिछले वित्त वर्ष 2023 में इसे सालाना आधार पर 275 फीसदी अधिक 15.76 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल हुआ था। इस दौरान इसका शुद्ध मुनाफा भी 41 फीसदी उछलकर 1.05 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। वित्त वर्ष 2023 के आंकड़ों के मुताबिक इस पर 10.08 लाख रुपये का कर्ज है।