Share Market Rally: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर द्वितीय विश्व युद्ध के बाद के सबसे बड़े सैन्य हमले को टालने का ऐलान किया तो मार्केट में रौनक छा गई। कच्चे तेल की नरमी से इसे और सपोर्ट मिला। इंट्रा-डे में सेंसेक्स 800 प्वाइंट्स उछल पड़ा तो निफ्टी 24750 के पार पहुंच गया। ब्रोडर लेवल पर भी मार्केट में अच्छी रौनक रही और निफ्टी मिडकैप 100 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 1% से अधिक की बढ़त रही। आज मार्केट के लिए नई शुरुआत थी क्योंकि आज से 10 मिनट अधिक ट्रेडिंग होने लगी। सेबी के नए ट्रेडिंग फ्रेमवर्क के तहत F&O ट्रेडिंग का समय 10 मिनट बढ़कर 03:40 PM तक हो गया। सुबह वाली टाइमिंग पहले की ही तरह रहेगी।
इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सेज की बात करें तो आज सेंसेक्स (Sensex) 544.39 प्वाइंट्स यानी 0.70% के उछाल के साथ 78,639.03 और निफ्टी 50 (Nifty 50) भी 390.70 प्वाइंट्स यानी 1.60 के उछाल के साथ 24,774.30 पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में सेंसेक्स 800.46 प्वाइंट्स चढ़कर 78,895.10 और निफ्टी भी 390.70 प्वाइंट्स उछलकर 24,774.30 तक पहुंचा।
Share Market Rally: ये है वजह
विदेशी निवेशकों की खरीदारी: पिछले महीने जुलाई में विदेशी निवेशकों ने बिकवाली से अधिक खरीदारी की और वे नेट बायर्स बने। उन्होंने ₹20,199 करोड़ के शेयरों की नेट खरीदारी की। इसमें से ₹6,731 करोड़ की खरीदारी को एक्सचेंजों के जरिए हुई तो ₹13,467 करोड़ की खरीदारी प्राइमरी मार्केट और अन्य कैटेगरी से हुई। विदेशी निवेशकों ने डेट मार्केट के जरिए भी ताबड़तोड़ निवेश किया और अकेले जनरल लिमिट कैटेगरी के जरिए ही ₹29,211 करोड़ डेट मार्केट में डाले।
जियोजीत इंवेस्टमेंट्स के चीफ इंवेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट वीके विजयकुमार का कहना है कि दक्षिण कोरिया और ताइवान जैसे मार्केट में तेज उतार-चढ़ाव और चिप ट्रेड में कंसंट्रेशन रिस्क की वजह से विदेशी निवेशक भारत जैसे अधिक स्थिर बाजारों की तरफ देख रहे हैं। वीके विजयकुमार के मुताबिक रुपये में स्थिरता और देश के लार्ज-कैप स्टॉक्स की सही वैल्यूएशन से विदेशी निवेशकों का भारत में निवेश फिर बढ़ रहा है।
जियो-पॉलिटिकल टेंशन में नरमी: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ सोमवार को फिर से बातचीत शुरू होने के संकेत दिए तो निवेशकों का भरोसा बढ़ा। इससे मार्केट में सपोर्ट मिला है।
रुपये की मजबूती: कच्चे तेल में गिरावट से अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 31 पैसे मजबूत होकर 95.12 पर पहुंचा। इससे मार्केट को सपोर्ट मिला। फॉरेक्स ट्रेडर्स के अनुसार विदेशी फंड के आने, देश के विदेशी मुद्रा भंडार में बढ़ोतरी और आरबीआई के सपोर्ट ने रुपये को मजबूत किया है।
IT और Private Banks से मजबूत सपोर्ट: सेक्टरवाइज आईटी सेक्टर ने आज मार्केट को शानदार सपोर्ट दिया और इसका निफ्टी इंडेक्स 3% से अधिक मजबूत हुआ। इंडेक्स के हैवीवेट प्राइवेट बैंकिंग स्टॉक्स ने इसे सपोर्ट किया जिसका निफ्टी इंड़ेक्स करीब 2% मजबूत हुआ। निफ्टी मेटल और निफ्टी एफएमसीजी आज डेढ़-डेढ़ फीसदी से अधिक तो ऑटो, पीएसयू बैंक और रियल्टी सेक्टर के निफ्टी इंडेक्स 1-1% से अधिक मजबूत हुए।
जियोजीत इंवेस्टमेंट्स के चीफ मार्केट स्ट्रैटेजिस्ट आनंद जेम्स का कहना है कि अप्रैल, मई और जुलाई के हाई लेवल के आस-पास होने के चलते मार्केट में थोड़ी गिरावट या पुल-बैक की कोशिशें हो सकती हैं, जिससे 24600 का लेवल पार करना बड़ी चुनौती बन सकती है। आनंद का मानना है कि निफ्टी का बेस अब 24100 के लेवल पर शिफ्ट हो गया है, जहां 20-दिन और 10-दिन के SMA मिल रहे हैं। उनका कहना है कि इस बेस गिरावट के दौरान एक अहम लेवल के तौर पर देखा जा सकता है, और गिरावट पर खरीदारी करते समय शुरुआती टारगेट 24800 का रखा जा सकता है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।