Share Market Today: सीमित दायरे में कारोबार के बाद सेंसेक्स और निफ्टी आज 11 दिसंबर को मामूली बढ़त के साथ बंद हुए। हालांकि ब्रॉडर मार्केट में तेजी जारी रही। BSE स्मॉलकैप इंडेक्स कारोबार के दौरान अपने नए शिखर पर पहुंच गया और अंत में 0.34 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ। स्मॉलकैप इंडेक्स में पिछले 13 दिनों से लगातार तेजी देखने को मिल रही है। बीएसई मिडकैप इंडेक्स भी 0.25 फीसदी ऊपर रहा। इसके चलते शेयर बाजार के निवेशकों की संपत्ति आज करीब 77,000 करोड़ रुपये बढ़ गई। आज के कारोबार के दौरान आईटी, ऑटो, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और टेलीकॉम शेयरों में सबसे अधिक खरीदारी देखने को मिली। वहीं दूसरी ओर बैकिंग, यूटिलिटी और पावर शेयरों में बिकवाली का रुख रहा।
कारोबार के अंत में, बीएसई सेंसेक्स 16.09 अंक या 0.02 फीसदी की मामूली बढ़त के साथ 81,526.14 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला इंडेक्स, निफ्टी 31.75 अंक या 0.13 फीसदी की तेजी के साथ 24,641.80 के स्तर पर बंद हुआ।
निवेशकों ने ₹77,000 करोड़ कमाए
सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 13 शेयर हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें बजाज फाइनेंस (Bajaj Finance) के शेयरों में 2.61 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद नेस्ले इंडिया (Nestle India), बजाज फिनसर्व (Bajaj Finserv), एशियन पेंट्स (Asian Paints) और अल्ट्राटेक सीमेंट (UltraTech Cement) के शेयर 1.04 फीसदी से लेकर 1.20 फीसदी की तेजी के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक गिरावट
वहीं सेंसेक्स के बाकी 17 शेयर आज गिरावट के साथ बंद हुए। इसमें जेएसडब्लू स्टील (JSW Steel) का शेयर 1.42 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं अदाणी पोर्ट्स (Adani Ports), एनटीपीसी (NTPC), स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) और रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) के शेयरों में 0.53 फीसदी से 1.25% तक की गिरावट देखी गई।
सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप नीचे दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-
2,144 शेयरों में रही तेजी
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज बढ़त के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,096 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 2,144 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 1,839 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 113 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 272 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 15 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।