Share Market: नए साल के पहले ही दिन निवेशकों की बल्ले-बल्ले! ₹3 लाख करोड़ का हुआ मुनाफा

Share Market Today: भारतीय शेयर बाजारों ने नए साल का आगाज तेजी के साथ किया। सेंसेक्स आज 1 जनवरी को 368 अंक बढ़कर बंद हुआ। वहीं निफ्टी बढ़कर 23,750 के पास पहुंच गया। इसके चलते साल के पहले ही दिन शेयर बाजारों के निवेशकों की संपत्ति लगभग 3 लाख करोड़ रुपये बढ़ गई। बाजार में आज की तेजी चौतरफा रही

अपडेटेड Jan 01, 2025 पर 5:01 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
BSE में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप आज बढ़कर 444.43 लाख करोड़ रुपये हो गया

Share Market Today: भारतीय शेयर बाजारों ने नए साल का आगाज तेजी के साथ किया। सेंसेक्स आज 1 जनवरी को 368 अंक बढ़कर बंद हुआ। वहीं निफ्टी बढ़कर 23,750 के पास पहुंच गया। इसके चलते साल के पहले ही दिन शेयर बाजारों के निवेशकों की संपत्ति लगभग 3 लाख करोड़ रुपये बढ़ गई। बाजार में आज की तेजी चौतरफा रही। बीएसई मिडकैप इंडेक्स 0.5 फीसदी बढ़कर बंद हुआ। वहीं स्मॉलकैप इंडेक्स में 1.03 फीसदी की तेजी रही। रियल्टी और मेटल छोड़कर बीएसई के सभी सेक्टोरल इंडेक्स भी आज हरे निशान में रहे।

कारोबार के अंत में, बीएसई सेंसेक्स 368.40 अंक या 0.47 फीसदी की तेजी के साथ 78,507.41 अंक पर बंद हुआ। वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला इंडेक्स, निफ्टी 98.10 अंक या 0.41 फीसदी बढ़कर 23,742.90 के स्तर पर बंद हुआ।

निवेशकों ने ₹3.08 लाख करोड़ कमाए

बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज 1 जनवरी को बढ़कर 444.43 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन यानी सोमवार 31 दिसंबर को 441.35 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 3.08 लाख करोड़ रुपये बढ़ा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 3.08 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है।


सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी

बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 22 शेयर हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) के शेयरों में 3.26 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M), बजाज फाइनेंस (Bajaj Finance), लर्सन एंड टुब्रो (L&T) और टाटा मोटर्स (Tata Motors) के शेयर 1.15 फीसदी से लेकर 2.45 फीसदी की तेजी के साथ बंद हुए।

सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक गिरावट

वहीं सेंसेक्स के बाकी 8 शेयर आज गिरावट के साथ बंद हुए। इसमें भी टाटा स्टील (Tata Steel) का शेयर 0.98 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं अदाणी पोर्ट्स (Adani Ports), जोमैटो (Zomato), एचसीएल टेक (HCL Tech) और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के शेयरों में 0.21 फीसदी से 0.80% तक की गिरावट देखी गई।

सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप नीचे दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-

sensex127f

2,741 शेयरों में रही तेजी

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,071 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 2,741 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 1,241 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 89 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 153 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 37 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।

sensex127

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

यह भी पढ़ें- 2025 में ये 25 शेयर कर सकते हैं मालामाल, अभी से जान लें टारगेट प्राइस

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।