Speciality Medicines IPO Listing: स्पेशलिटी मेडिसिन्स के शेयरों की आज बीएसई एसएमई पर फ्लैट एंट्री हुई। इसके आईपीओ को भी निवेशकों का मिला-जुला रिस्पांस मिला था और खुदरा निवेशकों का हिस्सा तो पूरा भर भी नहीं पाया था। आईपीओ के तहत ₹124 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज BSE SME पर इसकी ₹124.00 पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को कोई लिस्टिंग गेन नहीं मिला। लिस्टिंग के बाद शेयरों ने ऊपर चढ़ने की कोशिश की। उछलकर यह ₹129.50 (Speciality Medicines Share Price) पर पहुंचा।
हालांकि मुनाफावसूली के चलते भाव थोड़े नरम पड़े। दिन के आखिरी में यह ₹125.80 पर बंद हुआ है यानी कि पहले कारोबारी दिन की समाप्ति पर आईपीओ निवेशक 1.45% मुनाफे में हैं।
Speciality Medicines IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च
स्पेशलिटी मेडिसिन्स का ₹29 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 20-24 मार्च तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का अच्छा रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 2.27 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 96.24 गुना (एक्स-एंकर), नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 1.88 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 0.85 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत ₹10 की फेस वैल्यू वाले 23.50 लाख नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹12.68 करोड़ आरएंडडी सेंटर बनाने, ₹2.99 करोड़ विदेशी बाजारों में प्रोडक्ट्स के रजिस्ट्रेशन और विदेशी बाजारों में बिक्री के लिए प्रोडक्ट डेवलपमेंट, ₹1.66 करोड़ मार्केटिंग और प्रमोशन, ₹8.00 करोड़ वर्किंग कैपिटल की जरूरतों और बाकी पैसे आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।
Speciality Medicines के बारे में
वर्ष 2021 में बनी स्पेशलिटी मेडिसिन्स खाई जाने वाली और इंजेक्ट की जाने वाली महंगी दवाईयों की मार्केटिंग और डिस्ट्रीब्यूशन का काम करती है। ये दवाईयां कॉम्प्लेक्स क्रोनिक कंडीशंस के इलाज को लेकर हैं और कंपनी इनकी बिक्री देशी-विदेशी बाजारों में करती है। इसके पोर्टफोलियो में टैबलेट, कैप्सूल, क्रीम, सिरप, आई ड्रॉप, जेल, इनहेलर्स, इंजेक्शंस, नसल स्प्रे, ओइंटमेंट्स, ओरल सॉल्यूशंस, सस्पेंशंस इत्यादि हैं। यह दो मॉडल पर काम करती है- एक इंटर्नल डिस्ट्रीब्यूशन के लिए तैयार फॉर्मुलेशन की कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग, और दूसरा जुटाए गए स्पेशलिटी फार्मा प्रोडक्ट्स की मार्केटिंग और डिस्ट्रीब्यूशन। इसका नेटवर्क देश के 20 से अधिक राज्यों और दुनिया के 35 से अधिक देशों में है। फरवरी 2026 तक के आंकड़ों के मुताबिक इसके 7 प्रोडक्ट्स विदेशों में रजिस्टर्ड हैं तो 5 देशों में 54 के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया चल रही है।
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2025 में इसका शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 193.86% उछलकर ₹8.61 करोड़ और टोटल इनकम 111.64% चढ़कर ₹58.54 करोड़ पर पहुंच गया। चालू वित्त वर्ष 2026 की बात करें तो अप्रैल-अक्टूबर 2025 में कंपनी को ₹6.06 करोड़ का शुद्ध मुनाफा और ₹36.93 करोड़ का टोटल इनकम हासिल हो चुका है। अक्टूबर 2025 के आखिरी में कंपनी पर ₹4.81 करोड़ का टोटल कर्ज था जबकि रिजर्व और सरप्लस में ₹30.04 करोड़ पड़े थे।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।