Nifty 50: शेयर बाजार में लगातार हो रही गिरावट ने निवेशकों का हौसला पस्त कर दिया है। बेंचमार्क निफ्टी 50 इंडेक्स ने 20 महीनों में पहली बार आज इंट्राडे में 200-डे मूविंग एवरेज को छू लिया। 200-डे मूविंग एवरेज एक अहम टेक्निकल इंडिकेटर है, जो इनवेस्टर सेंटीमेंट और बाजार की दिशा को दिखाता है। 13 नवंबर को कारोबार के दौरान निफ्टी 50 ने 23509 के निचले स्तर को छू लिया, जबकि 200-डे मूविंग एवरेज (DMA) 23545 के स्तर पर है। हालांकि, कारोबार के अंत में कुछ रिकवरी दिखी और इंडेक्स इस लेवल से ऊपर 23559.05 पर क्लोज हुआ है। पिछली बार निफ्टी 50 इस इंडिकेटर से नीचे अप्रैल 2023 में आया था।
