Share Market Close: भारतीय शेयर बाजार आज, यानी बुधवार 15 फरवरी को लगातार दूसरे दिन तेजी के साथ बंद हुए। सेंसेक्स में जहां 242 अंकों की उछाल देखने को मिली। वहीं निफ्टी भी 18,000 के पार पहुंच गया। हालांकि दिन के कारोबार में बाजार अधिकतर समय गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। लेकिन आखिरी घंटे में हुई तेज खरीदारी ने इसे हरे निशान में ढकेल दिया। सबसे अधिक खरीदारी ऑटो, टेलीकम्युनिकेशंस, रियल्टी और टेक शेयरों में देखने को मिली। इसके अलावा मेटल, आईटी और कमोडिटी शेयरों के इंडेक्स भी आज हरे निशान में बंद हुए। हालांकि पावर, एफएमसीजी और यूटिलिटी शेयरों में आज गिरावट का माहौल रहा। बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी आज बढ़त के साथ बंद हुए। इस तेजी के चलते शेयर बाजार के निवेशकों की संपत्ति आज करीब 1.32 लाख करोड़ रुपये बढ़ गई।
