Railway Stocks: पिछले कुछ महीने से रेलवे शेयर रॉकेट बन हुए थे। इसमें से अधिकतर तेजी की वजह सरकार का रेल इंफ्रा और कनेक्टिविटी इनिशिटिव थी। इसके अलावा G20 सम्मेलन में दूसरे देशों के साथ रेल और पोर्ट डील पर भी इनमें खरीदारी बढ़ी। हालांकि अब मुनाफावसूली पर भारी गिरावट से निवेशक उलझन में हैं। शानदार तेजी के बाद अब इसमें फिसलन शुरू हुई तो यह सवाल उठने लगा कि क्या अब इसकी तेजी थम चुकी है। बाजार की एक चिंता ये भी है कि रेलवे के शेयर ओवरबॉट जोन में आ गए हों। रेलवे शेयरों में पिछले कुछ दिन में ही 15-20 फीसदी की गिरावट ने निवेशकों की चिंता बढ़ाई है।
हालांकि Invasset के पार्टनर और रिसर्च हेड अनिरुद्ध गर्ग का कहना है कि बिकवाली का दबाव खुदरा निवेशकों की तरफ से ही है जो मुनाफा बुक कर रहे हैं। वह रेलवे सेगमेंट को लेकर काफी पॉजिटिव हैं।
Railway Stocks में क्यों आई बिकवाली
गर्ग के मुताबिक स्मॉल मार्केट कैप सेगमेंट में शेयरों के वैल्यूएशन और मुनाफावसूली के चलते ही शेयरों में बिकवाली का दबाव बना। Fisdom के रिसर्च हेड नीरव करकेरा के मुताबिक बिकवाली के चलते निश्चित तौर पर वैल्यूएशन में कुछ गिरावट आई है। करकेरा के मुताबिक अधिकतर रेलवे स्टॉक्स ओवरबॉट जोन में आ गए हैं। इसके अलावा मिड और स्मॉल कैप शेयरों को लेकर निवेशक काफी जांच कर रहे हैं लेकिन अधिकतर रेलवे शेयरों को लेकर ओवरवैल्यूएशन की धारणा बनी है जिससे जमकर मुनाफावसूली हुई।
गिरावट पर खरीदना चाहिए या नही?
पूरे सेगमेंट की बात करें तो नीतिगत रूप से स्थितियां अनुकूल हैं और कारोबारी रूप से माहौल पॉजिटिव है जिससे रेलवे सेक्टर की कंपनियों की आय में अच्छी ग्रोथ दिख सकती है। हालांकि वैल्यूएशन की बात करें तो इस सेगमेंट की हर कंपनी को अलग-अलग करके देखना होगा। करकेरा के मुताबिक इस समय वैल्यूएशन आकर्षक से लेकर रीजनेबल यानी उचित दिख रहे हैं। ऐसे में ओवरऑल सेगमेंट की बात करें तो मौजूदा गिरावट को हेल्दी करेक्शन के तौर पर देखना चाहिए। गर्ग का कहना है कि मौजूदा वैल्यूएशन और फंडामेंटल्स में महत्वपूर्ण बदलावों को ध्यान में रखते हुए रेलवे सेक्टर अब अपने सही मूल्य पर दिख रहा है।
हाल ही में कुछ ऐसे ऐलान हुए हैं जिससे इस सेक्टर को लेकर उम्मीदे बढ़ी हैं। जैसे कि G20 सम्मेलन के दौरान भारत, मिडिल ईस्ट और यूरोप के बीच कोरिडोर का ऐलान हुआ जिससे इस सेगमेंट के लिए अवसर बढ़े। वहीं भूटान और भारत मिलकर रेलवे नेटवर्क की संभावाएं तलाश रहे हैं। गर्ग के मुताबिक इससे रेलवे सेगमेंट की ग्रोथ को सपोर्ट मिलेगा। इन सब बातों को देखते हुए गर्ग ने मौजूदा लेवल पर मुनाफा बुक करने की बजाय लॉन्ग टर्म निवेशको को पैसे लगाने की सलाह दी है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।