Share Market Today: शेयर बाजार में बुधवार 19 जून को रिकॉर्ड स्तर से मुनाफावसूली देखने को मिली। सेंसेक्स महज 36 अंक बढ़कर बंद हुआ। जबकि निफ्टी में पिछले 5 दिनों से जारी तेजी का सिलसिला टूट गया। इसके चलते शेयर बाजार के निवेशकों की संपत्ति आज 3.19 लाख करोड़ रुपये डूब गई। हालांकि इससे पहले दिन के कारोबार के दौरान सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ने अपना नया उच्चतम स्तर छुआ। ब्रॉडर मार्केट भी मुनाफावसूली से अछूता नहीं रहा है। बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स क्रमश: 0.91 फीसदी और 0.58 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुए। आईटी और BFSI सेक्टर को छोड़ दें तो, BSE के बाकी सेक्टोरल इंडेक्स भी लाल निशान में बंद हुए।
