Tejas Networks Share Price: टाटा ग्रुप की तेजस नेटवर्क्स ने निवेशकों को महज दो ही दिन में 40 फीसदी का रिटर्न दिया है। आज की बात करें तो इसके शेयर 20 फीसदी उछलकर अपर सर्किट पर पहुंच गए। यह जिस अपर सर्किट लेवल पर पहुंचा है, यह इसके शेयरों का रिकॉर्ड हाई लेवल है। कंपनी के शेयरों में यह तेजी मार्च तिमाही के शानदार नतीजे पर आई है। लगातार पांच तिमाही तक घाटे में रहने के बाद अब कंपनी मुनाफे में पहुंची है तो इसका जश्न शेयरों ने भी मनाया। BSE पर यह 20 फीसदी उछलकर 1,086.90 रुपये के अपर सर्किट पर पहुंच गया। मुनाफावसूली के चलते भाव में नरमी आई लेकिन फिर खरीदारों के जोश में फिर से अपर सर्किट पर आकर बंद हुआ।
