Tata Motors Shares: टाटा मोटर्स के शेयर आज 2 सितंबर को शुरुआती कारोबार के दौरान 2 फीसदी तक लुढ़क गए। यह गिरावट इस खबर के बाद आई कि अगस्त महीने के दौरान कंपनी की बिक्री धीमी हुई है। सुबह 9.45 बजे, टाटा मोटर्स के शेयर एनएसई पर 1,098.35 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। हालांकि इस गिरावट के बावजूद, इस साल अबतक टाटा मोटर्स के शेयरों में करीब 38 फीसदी की तेजी आई है। टाटा ग्रुप की इस कंपनी की बिक्री अगस्त में 8 फीसदी घटकर 71,693 यूनिट्स रही। जबकि एक साल पहले इसी महीने में इसने 78,010 यूनिट्स की बिक्री की थी। कंपनी के कमर्शियल व्हीकल (CV) और पैसेंजर व्हीकल (PV) दोनों सेगमेंट में गिरावट दर्ज की गई।
