निफ्टी ने आज 2 फरवरी को बाजार में रेंज-बाउंड ट्रेड दिखाया। इसके बाद अंत में सपाट बंद हुआ। अडानी समूह के शेयरों पर बिकवाली का दबाव बाजार पर बना रहा। जिसने तेल की कीमतों में गिरावट, एक अच्छा बजट और वैश्विक बाजारों में तेजी के रुझान को भी नजरअंदाज कर दिया। इंडेक्स 100 अंकों की गिरावट के साथ 17,517 पर खुला। ये 200 अंकों (17,446-17,654) के दायरे में कारोबार करता हुआ नजर आया। बाजार के आखिर में इंडेक्स छह अंक नीचे 17,610 पर बंद हुआ। इसमें अपर-लोअर विक्स के साथ डेली चार्ट पर एक बुलिश कैंडल बना। लगातार पांचवें सत्र के लिए निफ्टी ने 17,500 के अहम लेवल का बचाव किया। एक्सपर्ट्स का कहना है कि इंडेक्स को 17,700-17,800 पर रेजिस्टेंस का सामना करना पड़ सकता है।
