Stock Tips: टेलीकॉम कंपनियों को सरकार से राहत की उम्मीद है। विदेशी ब्रोकरेज फर्म यूबीएस का मानना है कि इसक फायदा टेलीकॉम कंपनियों के शेयरों में पैसे लगाकर उठाया जा सकता है। ब्रोकरेज फर्म ने सरकारी राहत की उम्मीद में भारती एयरटेल, वोडा आइडिया और इंडस टावर्स जैसी दिग्गज टेलीकॉम कंपनियों के शेयरों का टारगेट प्राइस बढ़ा दिया है। आज की बात करें तो ये तीनों ही शेयर ग्रीन जोन में हैं। इंडस टावर्स के शेयर 1.65 फीसदी के उछाल के साथ 444.60 रुपये, एयरटेल के शेयर 0.55 फीसदी उछलकर 1530.80 रुपये और वोडा आइडिया के शेयर 0.38 फीसदी की बढ़त के साथ 16.06 रुपये के भाव पर है।
अब कितना है Airtel, Voda Idea और Indus Towers का टारगेट
यूबीएस ने एयरटेल की न्यूट्रल रेटिंग को बरकरार रखा है लेकिन टारगेट प्राइस 1530 रुपये से बढ़ाकर 1595 रुपये कर दिया है। इंडस टावर्स की भी न्यूट्रल रेटिंग बरकरार है लेकिन टारगेट प्राइस बढ़ाकर 405 रुपये से 440 रुपये कर दिया है। वहीं वोडा आइडियो को ब्रोकरेज ने एक बार फिर खरीदारी की रेटिंग दी है और टारगेट प्राइस 18 रुपये से बढ़ाकर 19 रुपये कर दिया है।
UBS ने क्यों बढ़ाया टारगेट प्राइस?
टेलीकॉम कंपनियों ने टैरिफ बढ़ा दिया है और यूबीएस के मुताबिक इस बढ़ोतरी का 60-75 फीसदी असर तीन तिमाहियों के रेवेन्यू में दिखने लगेगा। भारी वित्तीय दिक्कतों से जूझ रही वोडा आइडिया की बात करें तो सरकार ने यह स्पष्ट कर दिया है कि फिलहाल इसके विनिवेश की कोई योजना नहीं है और इस पर फैसला तभी लिया जाएगा, जब इसकी कारोबारी सेहत में सुधार होगा। मनीकंट्रोल को यह जानकारी सूत्रों ने दी है। यह भी सामने आया है कि सरकार 27,747 करोड़ रुपये के बकाए पर बैंक गारंटी माफ करने की गुजारिश पर भी विचार कर रही है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।