सितंबर में डीमैट खातों (Demat Accounts) की संख्या बढ़कर 12.97 करोड़ हो गई। यह सालाना आधार पर 26 प्रतिशत की वृद्धि है। इस बढ़ोतरी के पीछे मुख्य रूप से इक्विटी से आकर्षक रिटर्न मिलना रहा। NSDL और CDSL के आंकड़ों के मुताबिक, माह के दौरान 30.6 लाख से ज्यादा डीमैट खाते खोले गए। अगस्त में यह आंकड़ा 31 लाख था। यह लगातार दूसरा महीना है जब नए खुले डीमैट खातों की संख्या 30 लाख से ज्यादा रही। सितंबर में डीमैट खातों के एडिशंस के पीछे एक वजह यह भी है कि जुलाई के बाद से कई आईपीओ अच्छे प्रीमियम पर लिस्ट हुए हैं। इससे कई निवेशक बाजार की ओर आकर्षित हुए होंगे। एनालिस्ट्स का कहना है कि डिस्काउंट ब्रोकरों सहित ब्रोकरेज की ओर से रेगुलर अकाउंट एक्वीजीशन कैंपेन्स भी डीमैट खातों में वृद्धि की एक वजह हो सकते हैं।
