पिकराइट टेक्नोलॉजीज रिसर्च एनालिस्ट्स (आरए) और इनवेस्टमेंट एडवाइजर्स (आईए) को अपने ट्रेडिंग कॉल की एक्युरेसी डिस्प्ले करने की सुविधा देती है। यह उन्हें अपने मॉडल पोर्टफोलियो के प्रदर्शन के बारे में भी बताने की सुविधा देती है। कानून के जानकारों का कहना है कि यह एडवर्टाइजिंग कोड का उल्लंघन है। पिकराइट बेंगलुरु की कंपनी है। यह यूजर्स को हासिल रिटर्न के आधार पर पोर्टफोलियो चुनने की या सेबी में रजिस्टर्ड एक्सपर्ट्स की तरफ से ट्रेडिंग कॉल के लिए साइन अप करने की इजाजत देती है। यूजर्स अपने ऑर्डर्स इस प्लेटफॉर्म पर प्लेस कर सकते हैं, जिसे प्रमुख ब्रोकरेज फर्मों के जरिए एग्जिक्यूट किया जाता है।
प्लेटफॉर्म के साथ ही आरए और आईए के खिलाफ कार्रवाई हो सकती है
कानून के जानकारों के मुताबिक, पहले के प्रदर्शन (Past Performance) और एक्युरेसी लेवल को दिखाकर यह कंपनी आरए (RA) और आईए (IA) के लिए सेबी की तरफ से जारी किए गए एडवर्टाइजिंग कोड का उल्लंघन करती है। सेबी ने अप्रैल 2023 में ये कोड जारी किए थे। लीगल एक्सपर्ट्स का यह भी कहना है कि रिसर्च एनालिस्ट्स, इनवेस्टमेंट एडवाइजर्स और इस प्लेटफॉर्म के खिलाफ ऐसे मार्केटिंग कंटेंट के लिए कार्रवाई हो सकती है।
पहले के प्रदर्शन के आधार पर सेवाओं का विज्ञापन देना नियम का उल्लंघन
बीएसई एडमिनिस्ट्रेशन एंड सुपरविजन (BASL) के पब्लिक इंटरेस्ट डायरेक्टर नवीन फर्नांडीज ने कहा, "पास्ट पर्फॉर्मेंस मीट्रिक्स का इस्तेमाल कर आरए और आईए का अपनी सर्विसेज को एडवर्टाइज करना सेबी के नियमों का उल्लंघन है। एक रिसर्च एनालिस्ट का ऐसा करना सेबी के एडवर्टाइजिंग कोड का उल्लंघन है। किसी रजिस्टर्ड इनवेस्टमेंट एडवाइजर का करना गैरकानूनी और अनैतिक है। आरआईए के पास ऐसा कोई प्रोडक्ट नहीं हो सकता जिसकी इस्तेमाल कई यूजर्स कर सकें क्योंकि उनका काम इंडिविजुअल्स की जरूरत के आधार पर कस्टमाइज्ड सॉल्यूशन ऑफर करना है। "
यह भी पढ़ें: IT सेक्टर की धूम में महंगे हुए शेयर, जानिए अभी भी किन सस्तें शेयरों में नजर आ रहे निवेश के मौके
पिकराइट के डिसक्लोजर पेज पर गलत जानकारी
ज्यूरिस कॉर्प एडवोकेट्स एंड सॉलिसिटर की पार्टनर स्मृति नायर ने कहा, "एडवर्टाइजमेंट कोड RA/IA को पास्ट परफॉर्मेंस का उदाहरण देने से रोकते हैं। " पिकराइट के डिसक्लोजर पेज पर भी इसके रजिस्ट्रेशन स्टेटस के बारे में गलत जानकारी दी गई है। इसे रजिस्टर्ड इनवेस्टमेंट एडवाइजर बताया गया है, जबकि इसने अपना सर्टिफिकेट ऑफ रजिस्ट्रेशन पिछले साल फरवरी में सरेंडर कर दिया था।