TV18 Broadcast और Network18 के शेयर 8% तक उछले, वॉल्ट डिज्नी के साथ डील को मंजूरी से बढ़ी खरीद

Reliance Industries ने जॉइंट वेंचर में करीब 11,500 करोड़ रुपये निवेश करने पर सहमति जताई है। रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन पत्नी नीता अंबानी इस उद्यम की बागडोर संभालेंगी, जबकि डिज्नी के पूर्व शीर्ष अधिकारी उदय शंकर इसके वाइस चेयरपर्सन होंगे। प्रतिस्पर्धा आयोग की मंजूरी के बाद इस सौदे को अभी एनसीएलटी से मंजूरी लेनी होगी

अपडेटेड Aug 29, 2024 पर 5:00 PM
Story continues below Advertisement
रिलायंस इंडस्ट्रीज की मीडिया इकाई वायकॉम18 और वॉल्ट डिज्नी की मीडिया इकाई स्टार इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के विलय की घोषणा साल की शुरुआत में की गई थी।

रिलायंस इंडस्ट्रीज का हिस्सा TV18 Broadcast और Network18 Media & Investments के शेयरों में 29 अगस्त को इंट्राडे में करीब 13 प्रतिशत तक की तेजी दिखी। भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग ने बुधवार, 28 अगस्त को रिलायंस इंडस्ट्रीज और वॉल्ट डिज्नी कंपनी की मीडिया इकाइयों के विलय को मंजूरी दे दी। प्रतिस्पर्धा आयोग ने इस विलय समझौते को दोनों पक्षों की ओर से प्रस्तावित कुछ संशोधनों के साथ मंजूरी दी है। इस विलय समझौते के तहत 70,000 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य वाली देश की सबसे बड़ी मीडिया कंपनी अस्तित्व में आएगी।

इस डेवलपमेंट के चलते TV18 Broadcast और Network18 Media & Investments के शेयरों में खरीद बढ़ी है। TV18 Broadcast का शेयर बीएसई पर सुबह बढ़त के साथ 50.59 रुपये पर खुला। दिन में यह पिछले बंद भाव से 13 प्रतिशत तक चढ़कर 54.26 रुपये के हाई तक गया। शेयर के लिए अपर प्राइस बैंड 20 प्रतिशत सर्किट लिमिट के साथ 57.52 रुपये है। कारोबार खत्म होने पर शेयर करीब 8 प्रतिशत की बढ़त के साथ 51.61 रुपये पर बंद हुआ।

इसी तरह Network18 Media & Investments का शेयर बीएसई पर सुबह मजबूत होकर 98.20 रुपये पर खुला। दिन में यह पिछले बंद भाव से 10 प्रतिशत तक चढ़ा और 106.01 रुपये के हाई तक गया। शेयर के लिए अपर प्राइस बैंड 20 प्रतिशत सर्किट लिमिट के साथ 115.46 रुपये है।कारोबार खत्म होने पर शेयर 3 प्रतिशत से ज्यादा की मजबूती के साथ 99.51 रुपये पर सेटल हुआ।


साल की शुरुआत में की गई थी विलय की घोषणा 

रिलायंस इंडस्ट्रीज की मीडिया इकाई वायकॉम18 और वॉल्ट डिज्नी की मीडिया इकाई स्टार इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के विलय की घोषणा साल की शुरुआत में की गई थी। भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट में कहा कि उसने रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड, वायकॉम18 मीडिया प्राइवेट लिमिटेड, डिजिटल 18 मीडिया लिमिटेड, एसआईपीएल और स्टार टेलीविजन प्रोडक्शंस लिमिटेड (एसटीपीएल) के प्रस्तावित विलय को मंजूरी दे दी है। यह विलय स्वैच्छिक संशोधनों के अनुपालन के अधीन है।

RIL 47th AGM Live Update: रिलायंस इंडस्ट्रीज की सालाना आम बैठक से पहले शेयर में तेजी

एसटीपीएल ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड्स में गठित कंपनी है, जिसका मालिकाना हक इनडायरेक्टली वॉल्ट डिज्नी के पास है। इस सौदे के तहत रिलायंस और उसकी सहयोगी इकाइयों की संयुक्त मीडिया कंपनी में 63.16 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी। वॉल्ट डिज्नी के पास बाकी की 36.84 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी। विलय के बाद बनने वाली मीडिया कंपनी के पास दो स्ट्रीमिंग ​सर्विसेज और 120 टेलीविजन चैनल होंगे।

Disclaimer: मनीकंट्रोल, नेटवर्क18 ग्रुप का हिस्सा है। नेटवर्क18 का नियंत्रण इंडिपेंडेट मीडिया ट्रस्ट करता है, जिसकी एकमात्र लाभार्थी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।