UTI AMC Shares: यूटीआई एसेट मैनेजमेंट कंपनी (UTI AMC) के शेयरों में आज 20 अक्टूबर को भारी गिरावट देखने को मिली। कंपनी के शेयर करीब 10% टूटकर 1,263.3 रुपये प्रति शेयर के निचले स्तर पर पहुंच गए। यह इस शेयर की 2020 में हुई लिस्टिंग के बाद से अब तक की सबसे बड़ी इंट्राडे गिरावट है। यह गिरावट कंपनी के सितंबर तिमाही के कमजोर नतीजों के बाद आई, जिसमें आय और मुनाफे दोनों में गिरावट दर्ज की गई।
UTI AMC ने बताया कि सितंबर तिमाही में उसके रवेन्यू में तिमाही आधार पर 23 फीसदी की गिरावट आई। यह गिरावट मुख्य रूप से अन्य स्रोतों से होने वाली आय में 91% की भारी कमी के चलते आई। वहीं, कर्मचारी लागत में इस दौरान 23% का इजाफा देखने को मिला, जो कुछ एकमुश्त खर्चों की वजह से हुई। इसके चलते कंपनी का EBITDA मार्जिन लगभग 1980 बेसिस पॉइंट घट गया।
कंपनी के शुद्ध मुनाफे (PAT) में भी गिरावट आई। UTI AMC ने सितंबर तिमाही में 132 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया, जो बाजार अनुमानों से कम रहा।
मैनेजमेंट का क्या है कहना?
कंपनी मैनेजमेंट ने बताया कि कर्मचारी लागत को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है, लेकिन उम्मीद जताई कि वित्त वर्ष 2026 की दूसरी छमाही से वह बेहतर प्रदर्शन कर सकती है। कंपनी के मुताबिक, आने वाले महीनों में नए उत्पाद लॉन्च, बेहतर मार्केट सेंटीमेंट और खर्चों पर नियंत्रण से कारोबार में सुधार देखने को मिल सकता है। कंपनी ने दूसरे खर्चों में 7-8% की सालाना बढ़ोतरी का अनुमान दिया है।
AUM बढ़ा, लेकिन बाजार हिस्सेदारी घटी
UTI AMC का औसत तिमाही एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (Average AUM) 5% बढ़कर 3.78 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया। हालांकि, कंपनी की बाजार हिस्सेदारी (Market Share) लगातार दूसरी तिमाही में भी घटकर 2.9% रह गई, जो पिछली तिमाही के 3.1% से कम है।
सितंबर में कंपनी का SIP स्टॉपेज रेशियो 74.51% से बढ़कर 76.27% पर पहुंच गया। कंपनी के खर्चों में भी बढ़ोतरी हुई, जिसमें CSR (कॉरपोरेट सोशल रेस्पॉन्सिबिलिटी) के तहत हुआ खर्च भी शामिल है।
HDFC AMC से तुलना में कमजोर स्थिति
UTI AMC की इक्विटी AUM हिस्सेदारी केवल 26% है, जबकि HDFC AMC की 65% और इंडस्ट्री औसत 56% है। UTI AMC ने अपने मार्केट-टू-मार्केट इनकम में 91% की गिरावट दर्ज की, जबकि HDFC AMC में यह गिरावट 59% रही। इसके अलावा, कंपनी का एडजस्टेड PAT यील्ड 26 बेसिस पॉइंट से घटकर 17 बेसिस पॉइंट पर आ गया, जो इसकी राइवल कंपनियों में सबसे कम है। वहीं, HDFC AMC का PAT यील्ड 30 बेसिस पॉइंट पर स्थिर रहा।
सोमवार दोपहर 12:15 बजे के करीब UTI AMC के शेयर 5.9 फीसदी की गिरावट के साथ 1,318.5 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। हालांकि, पिछले छह महीनों में यह शेयर 23% की बढ़त दे चुका है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।