Vedanta Dividend FY24: दिग्गज माइनिंग कंपनी वेदांता (Vedanta) शेयरहोल्डर्स को इस वित्त वर्ष 2023-24 का पहला अंतरिम डिविडेंड बांटने जा रही है। इसके लिए 22 मई को बोर्ड की बैठक में कंपनी मंजूरी लेगी। अगर मंजूरी मिल जाती है तो इस पर कंपनी आगे बढ़ेगी। कंपनी ने रिकॉर्ड डेट भी फिक्स कर लिया है। इस वित्त वर्ष के पहले अंतरिम डिविडेंड के लिए कंपनी ने 30 मई 2023 का रिकॉर्ड डेट फिक्स किया है। कंपनी ने 17 मई की देर रात इसकी जानकारी एक्सचेंज फाइलिंग में दी थी। इसका असर आज शेयरों पर दिखा और डेढ़ फीसदी से अधिक उछाल के साथ बीएसई पर 284.20 रुपये (Vedanta Share Price) पर पहुंच गया था। हालांकि फिर मुनाफावसूली के चलते दिन के आखिरी में यह 0.20 फीसदी की गिरावट के साथ 278.80 रुपये पर बंद हुआ।
कितना डिविडेंड दे सकती है Vedanta
मार्केट एनालिस्ट्स के मुताबिक इसकी पैरेंट कंपनी वेदांता रिसोर्सेज की देनदारियों को देखते हुए ऐसा लगता है कि वेदांता प्रति शेयर 45-80 रुपये का डिविडेंड बांट सकती है। डिविडेंड के मामले में वेदांता का रिकॉर्ड शानदार रहा है। पिछले वित्त वर्ष 2023-24 की ही बात करें तो कंपनी ने निवेशकों को प्रति शेयर 101 रुपये का डिविडेंड बांटा था। अब शेयरों की बात करें तो घरेलू ब्रोकरेज फर्म नुवामा इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज का अनुमान है कि कंपनी वित्त वर्ष 2024 और अगले वित्त वर्ष 2025 में हाई डिविडेंड देना जारी रखेगी।
इसके चलते वित्त वर्ष 2023 में 55300 करोड़ रुपये से बढ़कर इसका नेट डेट 65600 करोड़ रुपये पर पहुंच जाएगा। हालांकि इसके बावजूद ब्रोकरेज 16 फीसदी के डिविडेंड यील्ड को देखते हुए इसे निवेश के लिए आकर्षक मान रहे हैं और शेयर खरीदने की सलाह दी है। ट्रेंडलाइन पर मौजूद आंकड़ों के मुताबिक इसका औसतन टारगेट प्राइस 267 रुपये है जो मौजूदा लेवल से करीब 4 फीसदी नीचे है।
इस साल जनवरी में 13 साल के हाई पर थे शेयर
वेदांता के शेयरों के चाल की बात करें तो पिछले साल 1 जुलाई 2022 को यह एक साल के निचले स्तर 206.10 रुपये पर था। इसके बाद छह महीने में ही यह 65 फीसदी उछलकर 13 साल के हाई 340.75 रुपये पर पहुंच गया। हालांकि फिर वेदांता के शेयरों पर दबाव दिखा और फिलहाल इस हाई लेवल से यह 18 फीसदी डाउनसाइड है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।