Vodafone Idea FPO: वोडाफोन आइडिया समय के साथ आंतरिक संसाधनों का इस्तेमाल करके वेंडर्स के बकाए का भुगतान करेगी। कंपनी की एक ही बार में बकाए को निपटाने की योजना नहीं है। वोडाफोन आइडिया के CEO अक्षय मूंदड़ा (Akshaya Moondra) मनीकंट्रोल के साथ एक इंटरव्यू में कहा, 'हम बहुत स्पष्ट हैं कि जो फंडिंग हम जुटा रहे हैं, वह मुख्य रूप से ग्रोथ कैपेक्स के लिए है। इसे वेंडर्स का बकाया चुकाने के लिए नहीं जुटाया जा रहा है। वेंडर्स का बकाया इंटर्नल अकाउंट्स से चुकाना होगा।' वोडाफोन आइडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अक्षय मूंदड़ा ने मनीकंट्रोल को एक साक्षात्कार में बताया।
उन्होंने कहा, “हमारा बैंक ऋण घटकर अब 4,500 करोड़ रुपये से कम रह गया है। इसलिए, हमारी बैंक ऋण अदायगी कम है, और हमारा कैश जनरेशन अधिक है। हर तिमाही में, हमारे पास कैश जनरेशन में से ऋण अदायगी निकालने के बाद पैसा बचना चाहिए, जिसका इस्तेमाल हम समय के साथ अपने वेंडर्स के बकाया को चुकाने में कर पाएंगे।”
वोडाफोन आइडिया का 18,000 करोड़ रुपये का FPO (Follow on Offer) सार्वजनिक निवेशकों के लिए 18 अप्रैल को खुलेगा और 22 अप्रैल को बंद होगा। यह देश में अब तक का सबसे बड़ा एफपीओ है। एफपीओ खुलने से पहले कंपनी ने एंकर निवेशकों से 5,400 करोड़ रुपये जुटाए हैं। इन निवेशकों में जीक्यूजी पार्टनर्स एमर्जिंग मार्केट्स इक्विटी फंड, फिडेलिटी, यूबीएस फंड मैनेजमेंट, अबू धाबी इनवेस्टमेंट अथॉरिटी, ऑस्ट्रेलियन सुपर, ट्रू कैपिटल, मॉर्गन स्टेनली, सिटीग्रुप ग्लोबल मार्केट्स मॉरीशस जैसे विदेशी निवेशक शामिल हैं। इसके अलावा मोतीलाल ओसवाल म्यूचुअल फंड, एचडीएफसी म्यूचुअल फंड, एसबीआई जनरल इंश्योरेंस और क्वांट म्यूचुअल फंड जैसे घरेलू निवेशकों ने भी निवेश किया है।
प्रमोटर या प्रमोटर ग्रुप की कंपनियों को एफपीओ के पैसे से पेमेंट नहीं
मूंदड़ा ने दोहराया कि Vodafone Idea प्रमोटर या प्रमोटर समूह की कंपनियों को कोई भुगतान करने के लिए एफपीओ के पैसे का इस्तेमाल नहीं कर सकती है। अपने रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस में, वोडाफोन आइडिया ने कहा कि उसने अपने कॉन्ट्रैक्चुअल दायित्वों को आंशिक रूप से पूरा करने के लिए कुछ वेंडर्स के साथ विस्तारित क्रेडिट अवधि पर बातचीत की है और बकाया राशि का मुद्दा हल करने के लिए आपसी सहमति वाले पेमेंट प्लान्स विकसित करने के लिए वेंडर्स के साथ चर्चा कर रही है।
इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट पर कितना खर्च
रेड रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस के अनुसार, एफपीओ से होने वाली कुल आय में से वोडाफोन आइडिया नई 4जी साइट्स की स्थापना, मौजूदा 4जी साइट्स की क्षमता का विस्तार और नई 5जी साइट्स की स्थापना करके अपने नेटवर्क इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार को लेकर इक्विपमेंट खरीदने के लिए 12,750 करोड़ रुपये का इस्तेमाल करेगी। टेलीकॉम कंपनी अपने 5G नेटवर्क की स्थापना पर नेटवर्क विस्तार के लिए निर्धारित 12,750 करोड़ रुपये में से 5,720 करोड़ रुपये खर्च करेगी।