Welspun India Share Price: टेक्सटाइल सेक्टर की दिग्गज कंपनी वेलस्पन इंडिया (Welspun India) के शेयरों में आज खरीदारी का शानदार रुझान है। शेयर बायबैक (Share Buyback) के प्रस्ताव पर इसके शेयर आज 4 फीसदी उछल गए। हालांकि मुनाफावसूली के चलते भाव में थोड़ी सुस्ती आई है और फिलहाल यह 2.40 फीसदी की मजबूती के साथ 85.05 रुपये पर है। इंट्रा-डे में यह 87 रुपये पर पहुंच गया था। घरेलू ब्रोकरेज फर्म एक्सिस सिक्योरिटीज ने इसकी कारोबारी संभावनाओं को देखते हुए दिसंबर 2022 तिमाही के नतीजे के बाद इसकी रेटिंग को सेल से अपग्रेड कर होल्ड कर दिया था। इसके शेयर एक महीने में 30 फीसदी और पिछले तीन साल में 200 फीसदी से अधिक उछले हैं।
कब होगा Share Buyback पर फैसला
वेलस्पन इंडिया के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक 27 अप्रैल को होनी है। इस बैठक में बोर्ड मार्च 2023 तिमाही और पूरे वित्त वर्ष 2022-23 के नतीजों पर चर्चा करेगा। इस बैठक में कंपनी के वित्तीय नतीजे के साथ-साथ बोर्ड कंपनी के शेयर बायबैक प्लान और वित्त वर्ष 2023 के लिए डिविडेंड की सिफारिशों पर विचार करेगा। कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में इसकी जानकारी दी है।
Welspun India पर ब्रोकरेज का क्या कहना है
ब्रोकरेज फर्म एक्सिस सिक्योरिटीज का अनुमान है कि अगले दो से तीन तिमाहियों में भी कंपनी और घरेलू टेक्सटाइल सेक्टर के लिए माहौल कमजोर रहेगा। हालांकि दिसंबर 2022 तिमाही के शानदार नतीजे पर ब्रोकरेज ने वेलस्पन इंडिया की रेटिंग को सेल से अपग्रेड कर होल्ड कर दिया है। एनालिस्ट्स के मुताबिक ब्रिटेन और यूरोजोन फ्री-ट्रेड एग्रीमेंट इसके लिए शानदार मौके के तौर पर है। कंपनी के मुताबिक कॉटन की कीमतों में गिरावट और समुद्री भाड़े के सामान्य होने के चलते इसके मुनाफे में सुधार के आसार दिख रहे हैं। कंपनी ने अपना नेट कर्ज घटाकर 1909 करोड़ रुपये कर लिया है और इसमें आगे भी कटौती की उम्मीद जताई है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।