Sensex-Nifty Rally: अधिकतर एशियाई बाजारों से रौनक के संकेतों के बीच घरेलू स्टॉक मार्केट में भी आज काफी रौनक छाई है। लगातार तीन कारोबारी दिनों तक लाल रहने के बाद घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी 50 आखिरकार आज मजबूत हुए हैं। निफ्टी के सभी सेक्टर्स के इंडेक्स ग्रीन हैं। सबसे अधिक तेजी तो आईटी, मेटल और फार्मा सेक्टर्स में दिख रही है जिसमें से फार्मा को छोड़ हर सेक्टर के निफ्टी इंडेक्स करीब 2% या इससे अधिक मजबूत हुए हैं तो निफ्टी फार्मा भी करीब 3% ऊपर चढ़ा। वहीं इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सेज की बात करें तो फिलहाल 09:55 AM पर सेंसेक्स 199.95 यानी 0.84% चढ़कर 24,097.90 और सेंसेक्स 0.84% यानी 645.00 की मजबूती के साथ 77,309.21 पर है। इंट्रा-डे में सेंसेक्स 656.79 प्वाइंट्स की बढ़त के साथ 77,321.00 और निफ्टी भी 196.40 प्वाइंट्स के उछाल के साथ 24,094.35 पर पहुंचा गया था।
इन वजहों से मार्केट में रौनक
अमेरिका के साथ शांति वार्ता के दूसरे दौर को लेकर अनिश्चितता के बीच ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची तीन दिनों में दूसरी बार रविवार को पाकिस्तान पहुंचे। इसके अलावा मार्केट को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के रविवार के उस बयान से भी सपोर्ट मिला, जिसमें उन्होंने कहा कि ईरान से लड़ाई बहुत जल्द समाप्त हो सकती है।
एशियाई बाजारों से मजबूत संकेत
घरेलू स्टॉक मार्केट एशिया के अधिकतर बाजारों से मजबूत संकेत से सपोर्ट मिला। जापान का निक्केई 225 फिलहाल 1.89% की बढ़त के साथ 60842.00, ताइवान का ताइवान वेटेड 2.58% के उछाल के साथ 39935.14, दक्षिण कोरिया का कोस्पी 2.57% के उछाल के साथ 6642.17, इंडोनेशिया का जकार्ता कंपोजिट 0.63% की बढ़त के साथ 7174.39 और थाईलैंड का सेट कंपोजिट 1.66% के उछाल के साथ 1480.28 पर है।
मार्केट की घबराहट को मापने वाले इंडिया विक्स में गिरावट आई है और यह 4.81% टूटकर फिलहाल 18.76 पर है जिससे मार्केट में अनिश्चितता कम होने का संकेत मिला है।
फार्मा सेक्टर में जोरदार रौनक
मार्केट को आज फार्मा सेक्टर से शानदार सपोर्ट मिला। यह तेजी देश की सबसे बजड़ी फार्मा कंपनी सन फार्मा के इस खुलासे पर आई कि यह अमेरिका में लिस्टेड कंपनी ऑर्गेनन को खरीद रही है। सन फार्मा $1175 करोड़ (₹1.11 लाख करोड़) के एंटरप्राइज वैल्यू पर ऑर्गेनन की 100% आउटस्टैंडिंग इक्विटी हासिल करेगी। यह सौदा कैश में होगा। इसने सन फार्मा के शेयरों को रॉकेट बना दिया और 7% से अधिक तेजी के साथ आज यह सेंसेक्स का टॉप गेनर बन गया।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।