Republic Day 2023: कई राज्यों की झांकियों में दिखी 'नारी शक्ति' की झलक, तस्वीरों में देखें गणतंत्र दिवस परेड की खास झलकियां

Republic Day 2023: भारत आज 26 जनवरी को पूरे हर्षोल्लास के साथ 74वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। 74वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर कर्तव्य पथ पर निकाली गई झांकियों में भारत की समृद्ध विरासत और संस्कृति का प्रदर्शन किया गया। कर्तव्य पथ इस बार गणतंत्र दिवस पर इतिहास बना। राजपथ का नाम कर्तव्य पथ किए जाने के बाद सेंट्रल विस्टा एवेन्यू में पहली गणतंत्र दिवस परेड संपन्न हुई। देश में पहली बार आदिवासी महिला राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने परेड की सलामी ली। इस बार के समारोह का मुख्य केंद्र बिंदु ‘नारी शक्ति’ था।

अपडेटेड Jan 26, 2023 पर 19:08
Story continues below Advertisement
Republic Day 2023: इस बार की गणतंत्र दिवस की परेड में कुल 23 झांकियां निकाली गईं। इनमें से 17 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की झांकियां थीं और छह झांकियां विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों से संबंधित थीं। गणतंत्र दिवस परेड के दौरान केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, महाराष्ट्र और त्रिपुरा की झांकियों में ‘नारी शक्ति’ और महिला सशक्तीकरण की झलक प्रमुखता से दिखी।

Republic Day 2023: कर्नाटक की झांकी में भी नारीशक्ति का जश्न मनाया गया। झांकी के अगले हिस्से में सुलगिति नरसम्मा की तस्वीर थी जिसमें वह हाथ में बच्चा लिए हुए दिख रही थीं। वह पारंपरिक तरीके से प्रसव कराने में विशेषज्ञ हैं। उन्होंने सात दशकों में दो हजार से अधिक प्रसव कराएं हैं। कर्नाटक की झांकी के बीच के हिस्से में तुलसी गौड़ा की तस्वीर को पौधारोपण करते हुए दर्शाया गया।

Republic Day 2023: केरल ने नारीशक्ति और महिला सशक्तीकरण की लोक परंपराओं को झांकी के जरिए प्रस्तुत किया। इनमें ‘कालरिपायट्टू’ भी शामिल थी जो एक मार्शल आर्ट है और इसका इतिहास 2000 साल से अधिक पुराना है। केरल में महिला साक्षरता देश में सबसे ज्यादा है और वहां दुनिया का सबसे बड़ा स्वसहायता समूह ‘कुटुम्बश्री’ है।

Republic Day 2023: गणतंत्र दिवस परेड के दौरान कर्तव्य पथ पर उत्तर प्रदेश की झांकी में भगवान राम और माता सीता के वनवास से लौटने पर अयोध्या के लोगों द्वारा उनका स्वागत करते हुए दिखाया गया। साथ ही इस शहर में दीपोत्सव समारोह के आयोजन की झलक भी झांकी में प्रस्तुत की गई।

Republic Day 2023: त्रिपुरा की झांकी में प्रदेश की संस्कृति और विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी की झलक देखने को मिली।

Republic Day 2023: तमिलनाडु की झांकी भी महिला सशक्तीकरण और राज्य की संस्कृति पर आधारित थी। झांकी के अगले हिस्से में बुद्धिजीवी महिलाओं की आदर्श अवैयार की मूर्ति थी।

Republic Day 2023: महाराष्ट्र की झांकी आजादी के अमृत महोसत्व की पृष्ठभूमि पर आधारित थी और इसमें नारीशक्ति और ‘साढ़े तीन शक्तिपीठ’ को भी प्रदर्शित किया गया।

Republic Day 2023: गणतंत्र दिवस समारोह की परेड के दौरान निकाली गई लद्दाख की झांकी में इस केंद्र शासित प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों के मनोरम दृष्य और जीवंत संस्कृति की झलक देखने को मिली। लेह और करगिल के कलाकारों की मंडली भी दिखी जो इस झांकी में चार चांद लगाने वाली थी।

Republic Day 2023: कर्तव्य पथ पर आयोजित समारोह में जम्मू एवं कश्मीर की झांकी में 'नया जम्मू एवं कश्मीर' के बनने और प्राचीन अमरनाथ गुफा मंदिर आकर्षण के मुख्य विषय थे। सजी-धजी इस झांकी में पिछले कुछ वर्षों में केंद्र शासित प्रदेश में किए गए पर्यटन के पुनरुत्थान को भी प्रदर्शित किया गया।

Republic Day 2023: महाभारत के युद्ध के समय भगवान कृष्ण द्वारा अर्जुन को दिए गए उपदेश और उनका ‘विराट स्वरूप’ देश के 74वें गणतंत्र दिवस समारोह की परेड में हरियाणा द्वारा निकाली गई झांकी के केंद्र बिंदु रहे। हरियाणा की झांकी में महाभारत काल की झलक देखने को मिली जिसमें रथ पर सवार अर्जुन को भगवान कृष्ण गीता का उपदेश दे रहे हैं।

Story continues below Advertisement

Republic Day 2023: कर्तव्य पथ पर गुरुवार को गणतंत्र दिवस परेड में गुजरात की झांकी में सौर ऊर्जा से संचालित मोढेरा गांव, कच्छी कढ़ाई और परंपरागत भूंगा का प्रदर्शन किया गया। झांकी में गरबा परिधान पहले कलाकारों को प्रस्तुति देते देखा गया।

Republic Day 2023: राजधानी में कर्तव्य पथ पर देश के 74वें गणतंत्र दिवस समारोह पर आयोजित परेड में असम की झांकी में अहोम साम्राज्य के सेनापति लाचित बोड़फूकन, प्रसिद्ध कामाख्या मंदिर सहित राज्य की अन्य सांस्कृतिक धरोहरों का प्रदर्शन किया गया।

Republic Day 2023: आंध्र प्रदेश की झांकी में मकर संक्रांति के दौरान मनाए जाने वाले प्रभला तीर्थम के त्योहार को दिखाया गया, जिसके सबसे आगे के हिस्से में एक बैलगाड़ी थी और जो सभी का ध्यान आकर्षित कर रही थी। इस दौरान झांकी के दोनों ओर महिलाएं पारंपरिक नृत्य कर रही थीं। झांकी में आंध्र प्रदेश के कोनासीमा जिले के सभी गांवों के निवासियों द्वारा पालन की जाने वाली 450 साल पुरानी परंपरा और संस्कृति पर प्रकाश डाला गया था।

Republic Day 2023: गणतंत्र दिवस समारोह की परेड में निकाली गई पश्चिम बंगाल की झांकी में दुर्गा पूजा की समृद्ध विरासत की झलक देखने को मिली। कर्तव्य पथ पर निकाली गई इस झांकी में लाल रंग के बॉडर वाली सफेद की रंग की साड़ी पहने महिलाओं, ‘ढाक’ और ‘धुनुची’ ने लोगों का ध्यान खींचा।