ऑटोमेकर महिंद्रा एंड महिंद्रा (Mahindra & Mahindra (M&M) के लिए एक अच्छी खबर है। कंपनी के एक मॉडल को सबसे सुरक्षित गाड़ी होने का पुरस्कार मिला है। इससे खुश होकर Mahindra & Mahindra ने कहा है कि उसकी SUV XUV700 को भारत में सबसे सुरक्षित कार होने के लिए ग्लोबलएनसीएपी 'सेफर च्वाइस (Safer Choice)' का खिताब मिला है। कंपनी ने एक बयान जारी करके कहा है कि Mahindra XUV700 को ग्लोबल एनसीएपी के #SaferCarsForIndia अभियान में परीक्षण की गई किसी भी कार से सबसे ज्यादा सुरक्षा रेटिंग मिली है। "
महिंद्रा XUV700 के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर इस खबर की पुष्टि की गई है। उन्होंने ट्वीट में लिखा "जब आप सुरक्षा को सबसे आगे रखते हैं, तो सुरक्षा भी आपको सबसे आगे रखती है! Mahindra की गाड़ी को दूसरी बार ये पुरस्कार मिला है। हमें 'सेफर च्वाइस' 2022 के रूप में मान्यता देने के लिए हम ग्लोबल एनसीएपी का आभार मानते हैं।
कंपनी ने आगे कहा कि XUV700 को एडल्ट ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन के लिए फाइव स्टार की ग्लोबल एनसीएपी रेटिंग मिली है। इसके अलावा चाइल्ड ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन के लिए फोर-स्टार रेटिंग मिली है। Mahindra ने यह पुरस्कार दो बार जीता है। इसके पहले Mahindra XUV300 को 2020 में यह पुरस्कार मिला था।
बता दें कि XUV700 एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम्स (ADAS) से लैस है। इसमें आगे से लगने वाली टक्कर के बारे में चेतावनी, कैमरा और रडार के उपयोग से ऑटोनॉमस इमरजेंसी ब्रेक, लेन डिपार्चर वार्निंग, लेन कीप असिस्ट, अडैप्टिव क्रूज कंट्रोल और स्मार्ट पायलट असिस्ट शामिल हैं। इसमें ड्राइवर को आनेवाली नींद का पता लगाना, ऑटो बूस्टर हेडलैंप, कर्टेन एयरबैग सहित सात एयरबैग भी हैं। ये एयरबैंग तीसरी पंक्ति में बैठनेवाले मुसाफिरों को भी सुरक्षा उपलब्ध कराते हैं। इसके अलावा एंटी-लॉक ब्रेकिंग सिस्टम (ABS) और इलेक्ट्रॉनिक ब्रेक डिस्ट्रीब्यूशन (EBD) भी इस गाड़ी में हैं।