Maruti Suzuki ने पहली इलेक्ट्रिक SUV e VITARA से उठाया पर्दा, मिलेंगे कई एडवांस्ड फीचर्स

e VITARA एक एसयूवी है, जिसे HEARTECT-e नामक बिल्कुल नए प्लेटफॉर्म पर बनाया गया है। सुजुकी मोटर कॉरपोरेशन के रिप्रेजेंटेटिव डायरेक्टर और प्रेसिडेंट तोशीहिरो सुजुकी ने कहा कि कंपनी का लक्ष्य तीन-आयामी रणनीति के माध्यम से ग्राहकों के लिए BEV यानि बैटरी इलेक्ट्रिक व्हीकल को आकर्षक बनाना है

अपडेटेड Jan 17, 2025 पर 6:15 PM
Story continues below Advertisement
e VITARA सिंगल चार्ज में 61kWh में 500 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय कर सकती है।

मारुति सुजुकी इंडिया (Maruti Suzuki India) ने 17 जनवरी को अपने पहले इलेक्ट्रिक व्हीकल e VITARA से पर्दा उठाया। कंपनी इसे 100 से अधिक देशों में एक्सपोर्ट करने की योजना बना रही है। मारुति सुजुकी इंडिया में लगभग 58 प्रतिशत हिस्सेदारी रखने वाली सुजुकी मोटर कॉरपोरेशन, इस मॉडल के लिए भारत को वैश्विक उत्पादन केंद्र बनाने की योजना बना रही है। e VITARA एक एसयूवी है, जिसे HEARTECT-e नामक बिल्कुल नए प्लेटफॉर्म पर बनाया गया है। इस प्लेटफॉर्म को विशेष रूप से इलेक्ट्रिक व्हीकल्स के लिए डिजाइन किया गया है।

मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ हिसाशी टेकाउची ने कहा कि e VITARA को एडवांस्ड फीचर्स और शक्तिशाली बैटरी पैक विकल्पों से लैस किया गया है। e VITARA सिंगल चार्ज में 61kWh में 500 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय कर सकती है। इस एसयूवी में कई प्रीमियम और एडवांस्ड फीचर्स हैं- जैसे कि लेवल 2 ADAS (एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम), 7 एयरबैग (ड्राइवर साइड नी एयरबैग सहित), इंटीग्रेटेड डिजिटल डिस्प्ले और 60 से अधिक फीचर्स के साथ नेक्स्ट जनरेशन सुजुकी कनेक्ट।

इंस्टॉलेशन सपोर्ट के साथ स्मार्ट होम चार्जर की पेशकश करेगी मारुति सुजुकी


मारुति सुजुकी इंडिया ने खुलासा किया कि e VITARA को देश भर में NEXA डीलरशिप में चरणबद्ध तरीके से पेश किया जाएगा। कंपनी ने कहा कि इलेक्ट्रिक मॉडल को जापान और यूरोप सहित 100 से अधिक देशों में निर्यात किया जाएगा। टेकाउची ने बताया कि मारुति सुजुकी का लक्ष्य अपनी "ई फॉर मी" पहल के माध्यम से ग्राहकों के लिए इलेक्ट्रिक इको-सॉल्यूशन बनाना है। इसके तहत कंपनी इंस्टॉलेशन सपोर्ट के साथ स्मार्ट होम चार्जर की पेशकश करेगी।

पहले चरण में टॉप 100 शहरों में फास्ट चार्जिंग सपोर्ट प्रदान करने के लिए विशाल नेटवर्क का लाभ उठाएगी और फिर आगे विस्तार करेगी। कंपनी का विचार यह है कि इन शहरों में एक ग्राहक को हर 5 से 10 किमी पर मारुति सुजुकी का चार्जिंग पॉइंट मिलेगा। इसके अलावा मारुति सुजुकी इंडिया पूरे भारत में रोडसाइड असिस्टेंस भी प्रदान करेगी।

Hyundai Creta EV की कीमत को लेकर आया बड़ा अपडेट, यहां जानिए फीचर्स समेत पूरी डिटेल

BEV को आकर्षक बनाने के लिए इस रणनीति पर होगा काम

सुजुकी मोटर कॉरपोरेशन के रिप्रेजेंटेटिव डायरेक्टर और प्रेसिडेंट तोशीहिरो सुजुकी ने कहा कि कंपनी का लक्ष्य तीन-आयामी रणनीति के माध्यम से ग्राहकों के लिए BEV यानि बैटरी इलेक्ट्रिक व्हीकल को आकर्षक बनाना है। उन्होंने भारत मोबिलिटी शो के हिस्से के रूप में आयोजित ऑटो एक्सपो में e VITARA की अनवीलिंग के मौके पर कहा, "पहला कदम इष्टतम प्रदर्शन के लिए एक BEV डेडिकेटेड प्लेटफॉर्म विकसित करना है। दूसरा कदम ग्राहकों की जरूरतों के आधार पर टारगेट मार्केट्स के लिए सही प्रोडक्ट विकसित करना है। तीसरा कदम वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं के स्केल का लाभ उठाना और दुनिया के लिए एक ही स्थान पर मैन्युफैक्चरिंग को केंद्रित करना है। इस उद्देश्य के लिए हमने भारत को इसके क्वालिटी प्रोडक्ट्स और स्केल मेरिट के कारण ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग बेस के रूप में चुना है।"

तोशीहिरो सुजुकी ने आगे कहा, "हमने भारत में ई विटारा के निर्माण के लिए 2,100 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया है, जिसमें एक डेडिकेटेड ईवी प्रोडक्शन लाइन भी शामिल है।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।