मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड (Maruti Suzuki India) ने अपनी सबसे ज्यादा बिकने वाली कारों में से एक मारुति बलेनो (Maruti Suzuki Baleno) की 7,000 से भी ज्यादा यूनिट्स को रिकॉल करने का फैसला किया है। कंपनी ने एक रेगुलेटरी फाइलिंग में इसके बारे में जानकारी दी है। आइये जानते हैं कि आखिर मारुति ने यह फैसला किस खराबी के चलते लिया है।
इस वजह से रिकॉल की जा रही बलेनो
मारुति सुजुकी की रेगुलेटरी फाइलिंग के मुताबिक मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड वैक्यूम पंप में संभावित खराबी को दूर करने के लिए अपने बलेनो आरएस मॉडल की 7,213 इकाइयों को वापस बुला रही है। इन कारों का निर्माण 27 अक्टूबर, 2016 और 1 नवंबर, 2019 के बीच किया गया था। कंपनी ने 27 अक्टूबर, 2016 और 01 नवंबर, 2019 के बीच निर्मित 7,213 बलेनो आरएस बलेनो को वापस बुलाने का फैसला किया है। मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड ने स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में कहा कि इन वाहनों के ब्रेक पेडल में भी सुधार किया जाएगा। कंपनी ने कहा कि ऑथराइज्ड वर्कशॉप ग्राहकों से उनके वाहनों को अटेंड करने के लिए संपर्क करेगी। खराब मॉडलों का बदलने के लिए कोई भी चार्ज नहीं किया जाएगा।
इससे पहले भी कारों को रिकॉल कर चुकी है कंपनी
भारत की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी ने जनवरी 2023, अक्टूबर, दिसंबर, अगस्त और अप्रैल 2022 में भी कुछ वाहनों को रिकॉल किया था। 18 जनवरी, 2023 को मारुति सुजुकी ने 8 दिसंबर से 12 जनवरी के बीच निर्मित 17,362 वाहनों को एयरबैग कंट्रोलर में खराबी के कारण वापस मंगाया। प्रभावित मॉडल में ऑल्टो के10, एस-प्रेसो, ईको, ब्रेजा, बलेनो और ग्रैंड विटारा शामिल हैं। कंपनी ने अपने मध्यम आकार के स्पोर्ट्स यूटिलिटी वाहन ग्रैंड विटारा की 11,177 इकाइयों को रियर सीट बेल्ट माउंटिंग ब्रैकेट में संभावित दोष को ठीक करने के लिए वापस बुलाया। प्रभावित लॉट का निर्माण 8 अगस्त, 2022 और 15 नवंबर, 2022 के बीच किया गया था।
इन कारों को भी किया जा चुका है रिकॉल
6 दिसंबर, 2022 को कार निर्माता ने अपनी Ciaz, Brezza, Ertiga, XL6, और Grand Vitara मॉडल की 9,125 यूनिट्स को फ्रंट रो सीट बेल्ट में संभावित खराबी को ठीक करने के लिए रिकॉल किया था। प्रभावित वाहनों का निर्माण 2-28 नवंबर, 2022 के दौरान किया गया था। इससे पहले 30 अक्टूबर, 2022 को भी मारुति ने अपने तीन मॉडल वैगन आर, सेलेरियो और इग्निस की 9,925 यूनिट्स को रियर ब्रेक असेंबली पिन में संभावित खराबी को दूर करने के लिए रिकॉल किया था। प्रभावित वाहनों का निर्माण 3 अगस्त से 1 सितंबर, 2022 के बीच किया गया था। 24 अगस्त, 2022 को मारुति सुजुकी ने एयरबैग यूनिट में खराबी के कारण 166 डिजायर टूर एस को वापस मंगाया। संदिग्ध खराबी 6 अगस्त, 2022 और 16 अगस्त, 2022 के बीच निर्मित वाहनों में पाई गई थी। 6 अप्रैल, 2022 को कंपनी ने 19 जुलाई, 2021 और 5 अक्टूबर, 2021 के बीच निर्मित करीब 20,000 ईको यूनिट्स को रिकॉल किया, ताकि व्हील रिम साइज की गलत मार्किंग को ठीक किया जा सके।