Tata Motors Price Hike: टाटा मोटर्स के कमर्शियल व्हीकल्स अप्रैल से महंगे होने वाले हैं। कंपनी ने घोषणा की है कि वह 1 अप्रैल 2024 से अपने कमर्शियल व्हीकल्स के दाम 2 प्रतिशत तक बढ़ाएगी। कंपनी ने बयान में कहा कि उत्पादन लागत में बढ़ोतरी के असर को कम करने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है। वृद्धि कमर्शियल व्हीकल्स के मॉडल और वेरिएंट के आधार पर अलग-अलग होगी। इससे पहले कंपनी ने दिसंबर 2023 में ऐलान किया था कि 1 जनवरी 2024 से उसके कमर्शियल व्हीकल्स 3 प्रतिशत तक महंगे हो जाएंगे और प्राइस हाइक गाड़ियों की पूरी रेंज पर लागू होगी।
कंपनी की ओर से कीमत में बढ़ोतरी की खबर उस वक्त सामने आई है, जब यह अपने कमर्शियल और पैसेंजर व्हीकल्स कारोबार को अलग करने की घोषणा कर चुकी है। टाटा मोटर्स ने 4 मार्च को शेयर बाजारों को बताया था कि वह पैसेंजर और कमर्शियल व्हीकल्स बिजनेस को डिमर्ज करके अलग-अलग लिस्टेड एंटिटीज बनाएगी। इलेक्ट्रिक व्हीकल्स और Jaguar Land Rover कंपनी के पैसेंजर व्हीकल बिजनेस में आएंगे।
ब्रोकरेज टाटा मोटर्स को लेकर बुलिश
व्हीकल बिजनेस के डिमर्जर की खबर सामने आने के बाद कई ब्रोकरेज, Tata Motors के शेयर के लिए बुलिश हैं। ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म Morgan Stanley ने शेयर के लिए 'ओवरवेट' कॉल दी है। वहीं Nomura ने 'बाय' कॉल के साथ 1,057 रुपये का टारगेट प्राइस सेट किया है। यह शेयर के मौजूदा भाव से करीब 7 प्रतिशत ज्यादा है। इसके अलावा रेटिंग एजेंसी Moody's ने टाटा मोटर्स के लिए BA3 रेटिंग दी है और आउटलुक पॉजिटिव रखा है।
इससे पहले 21 जनवरी को कंपनी ने अपने पैसेंजर व्हीकल्स की पूरी रेंज के लिए कीमत 1 फरवरी से बढ़ाने का ऐलान किया था। यह बढ़ोतरी एवरेज 0.7 प्रतिशत की थी और इसके दायरे में टाटा मोटर्स के इलेक्ट्रिक व्हीकल्स भी थे।
7 मार्च को बीएसई पर टाटा मोटर्स का शेयर बढ़त के साथ 1026.85 रुपये पर खुला। दिन में यह पिछले बंद भाव से करीब 3 प्रतिशत तक चढ़कर 1046.85 रुपये के हाई तक चला गया। कारोबार खत्म होने पर शेयर 2 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1039.35 रुपये पर सेटल हुआ। कंपनी का मार्केट कैप 3.45 लाख करोड़ रुपये पर है। शेयर के लिए 52 सप्ताह का उच्च स्तर 1,065.60 रुपये और अपर प्राइस बैंड 10 प्रतिशत की सर्किट लिमिट के साथ 1,119.35 रुपये है। पिछले एक साल में शेयर ने 131.5 प्रतिशत का रिटर्न दिया है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।