टोयोटा किर्लोस्कर मोटर (Toyota Kirloskar Motor) अपनी एसयूवी टोयोटा लैंड क्रूजर 300 की 269 यूनिट वापस मंगा रही (Recall) है। ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन ईसीयू सॉफ्टवेयर को दोबारा ‘प्रोग्राम’ करने के लिए इन गाड़ियों को रिकॉल किया जा रहा है। टोयोटा ने बयान में कहा कि वह 12 फरवरी, 2021 से एक फरवरी, 2023 के बीच बने टोयोटा लैंड क्रूजर 300 मॉडल्स को वापस मंगा रही है। कंपनी ने यह भी कहा कि फिलहाल, प्रभावित पार्ट को लेकर कोई मामला सामने नहीं आया है।
रिकॉल के लिए टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के डीलर रिप्रेजेंटेटिव, सभी प्रभावित मॉडल्स के मालिकों से संपर्क करेंगे। टोयोटा भारतीय बाजार में Glanza, Rumion, Urban Cruiser Hyryder, Innova Crysta, Innova Hycross, Hilux, Fortuner, Legender, Camry, Vellfire, Land Cruiser 300 की बिक्री करती है।
कंपनी ने 1 जनवरी 2024 से अपनी गाड़ियों की कीमतों में 0.5 प्रतिशत से 2.5 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की थी। यह वृद्धि चुनिंदा मॉडल और कुछ वेरिएंट के लिए की गई। बढ़ती लागत की आंशिक रूप से भरपाई करने के लिए टोयोटा ने यह कदम उठाया। जनवरी में टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने डीजल इंजन के सर्टिफिकेशन टेस्ट में अनियमितताएं पाए जाने के बाद देश में अपने तीन मॉडल- इनोवा क्रिस्टा, फॉर्च्यूनर और हाइलक्स की आपूर्ति अस्थायी तौर पर रोक दी थी। डीजल इंजन वाले तीन मॉडल के हॉर्स पावर आउटपुट संबंधी परीक्षणों में अनियमितताएं पाई गईं। हालांकि कंपनी ने तीनों मॉडलों के लिए नए ऑर्डर लेना जारी रखा।
टोयोटा ने जनवरी में 24609 गाड़ियां बेचीं
टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने जनवरी में 24,609 गाड़ियां बेचीं, जो सालाना आधार पर 92 प्रतिशत अधिक बिक्री है। यह कंपनी की अभी तक की सर्वाधिक मासिक थोक बिक्री है। कंपनी ने जनवरी 2022 में 12,835 गाड़ियां बेची थीं। इस साल जनवरी में टोयोटा ने घरेलू बाजार में 23,197 गाड़ियां बेचीं। कंपनी ने अर्बन क्रूजर Urban Cruiser Hyryder की 1,412 यूनिट्स का निर्यात भी किया।