Ghibli स्टाइल AI ट्रेंड: क्या Deepfake के लिए भी यूज हो सकती है आपकी फोटो?

Ghibli स्टाइल AI-जनरेटेड इमेज ट्रेंड कर रही हैं। लेकिन, इससे आपकी डेटा प्राइवेसी को खतरा हो सकता है। क्या आपकी बायोमेट्रिक सुरक्षा दांव पर है? जानने के लिए पढ़ें पूरी खबर।

अपडेटेड Apr 02, 2025 पर 6:20 PM
Story continues below Advertisement
AI-जनरेटेड चेहरों का उपयोग पहचान धोखाधड़ी (identity fraud) के लिए किया जा सकता है।

Ghibli AI Trend: हाल ही में इंटरनेट पर एक नया ट्रेंड तेजी से वायरल हो रहा है। लोग अपनी सेल्फी, पालतू जानवरों की तस्वीरें और ऐतिहासिक फोटो को Studio Ghibli स्टाइल में बदलने के लिए AI टूल्स का इस्तेमाल कर रहे हैं। यह ट्रेंड OpenAI के GPT-4o के डिफॉल्ट इमेज जनरेशन फीचर आने के बाद शुरू हुआ। फिर देखते ही देखते सोशल मीडिया Ghibli स्टाइल AI-जेनरेटेड इमेज से भर गया। लेकिन, इससे डेटा प्राइवेसी को लेकर कुछ गंभीर सवाल भी उठ रहे हैं।

मजेदार ट्रेंड या डेटा चोरी का नया तरीका?

IDfy के चीफ प्रोडक्ट ऑफिसर परितोष देसाई कहते हैं, "इन AI टूल्स के जरिए यूजर्स खुद अपनी हाई-रेजॉल्यूशन तस्वीरें अपलोड कर रहे हैं, बिना यह सोचे कि उनका डेटा कैसे इस्तेमाल होगा।" एक्सपर्ट के मुताबिक, इन तस्वीरों का उपयोग सिर्फ फोटो एडिटिंग के लिए नहीं, बल्कि चेहरे की पहचान, डीपफेक ट्रेनिंग और पहचान की नकल (identity synthesis) के लिए भी किया जा सकता है।


OpenAI is limiting Ghibli-inspired prompts on ChatGPT, here's why

क्या AI कंपनियां आपकी तस्वीर स्टोर कर सकती हैं?

इसका जवाब इस पर निर्भर करता है कि आप किस देश में हैं और आपने किस शर्त पर सहमति दी है। यूरोप का GDPR, भारत का DPDP Act और अमेरिका का CCPA जैसी सख्त डेटा प्रोटेक्शन नीतियां कंपनियों को यूजर्स की स्पष्ट अनुमति लेने के लिए बाध्य करती हैं। लेकिन AI टूल्स अक्सर अपनी पॉलिसी में जटिल और अस्पष्ट भाषा का इस्तेमाल करते हैं। इससे यूजर्स समझ नहीं पाते कि उनकी तस्वीरें कितने समय तक स्टोर की जाएंगी।

देसाई चेतावनी देते हैं, 'अगर किसी कंपनी की डेटा रिटेंशन पॉलिसी स्पष्ट नहीं है, तो ये तस्वीरें अनिश्चित काल तक स्टोर की जा सकती हैं और यूजर्स को इसकी भनक भी नहीं लगेगी।'

Ghibli स्टाइल इमेज बनाने में क्या जोखिम है?

Ghibli स्टाइल की AI-जनरेटेड तस्वीरें देखने में तो बेहद आकर्षक लगती हैं। लेकिन, इसके पीछे गहरी तकनीकी सच्चाई छिपी है। यह सिर्फ इंटरनेट से स्क्रैप की गई आम तस्वीरें नहीं हैं, बल्कि ये क्लियर, फ्रंट-फेसिंग और हाई-रेजॉल्यूशन इमेजेस हैं। ये चेहरे की पहचान (facial recognition), पहचान की नकल (identity synthesis), और डीपफेक एल्गोरिदम को ट्रेन करने के लिए एकदम परफेक्ट होती हैं।

AI जनरेटेड से ऑनलाइन धोखाधड़ी का खतरा

AI-जनरेटेड चेहरों का उपयोग पहचान धोखाधड़ी (identity fraud) के लिए किया जा सकता है। देसाई का कहना है कि डीपफेक तकनीक इतनी एडवांस हो चुकी है कि ये चेहरे KYC वेरिफिकेशन और बायोमेट्रिक सिक्योरिटी को चकमा दे सकती है। AI-जेनरेटेड चेहरे पहले ही वित्तीय धोखाधड़ी और फेक आइडेंटिटी क्रिएशन के मामलों में इस्तेमाल किए जा चुके हैं।

Bollywood Ghibli trend: Netizens transform Bollywood's iconic scenes into anime art, see pics

यूजर्स को क्या सावधानियां बरतनी चाहिए?

अगर आप ऐसे AI टूल्स का उपयोग कर रहे हैं, तो कुछ जरूरी सवाल खुद से पूछें। जैसे कि:

  • क्या ऐप स्पष्ट रूप से बताती है कि आपकी तस्वीर का क्या उपयोग होगा?
  • क्या आपकी इमेज प्रोसेसिंग के बाद तुरंत डिलीट कर दी जाती है, या स्टोर की जाती है?
  • क्या ऐप आपको अपना डेटा डिलीट करने का विकल्प देती है?
  • कंपनी के पास स्टोर्ड डेटा की सुरक्षा के लिए क्या उपाय हैं?
  • क्या कंपनी GDPR, DPDP या अन्य डेटा प्राइवेसी कानूनों का पालन करती है?

क्रिएटिविटी और शोषण के बीच महीन रेखा

Ghibli स्टाइल AI ट्रेंड यूजर्स के लिए कुछ पलों का मनोरंजन हो सकता है, लेकिन इसके पीछे कंपनियां आपके डेटा का कैसे उपयोग कर रही हैं, यह समझना जरूरी है। परितोष देसाई कहते हैं, 'कुछ सेकंड की मस्ती के लिए अपनी बायोमेट्रिक पहचान सौंप देना समझदारी नहीं है।'

AI टेक्नोलॉजी के बढ़ते प्रभाव और एथिक्स पर बहस जारी है। लेकिन यह तय है कि अगला वायरल ट्रेंड सिर्फ मस्ती नहीं, बल्कि आपके डेटा की अगली बड़ी लूट भी हो सकता है। अब सवाल यह है- क्या आप एक खूबसूरत तस्वीर के बदले अपनी बायोमेट्रिक पहचान देने को तैयार हैं?

यह भी पढ़ें: Financial Tips: पहली नौकरी के बाद न करें ये 7 गलतियां, वरना जिंदगी भर होगा पछतावा

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।