Mastodon: Twitter छोड़ इस नए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आ रहे लोग, जानें क्या है मास्टोडन और कैसे कर सकते आप भी इसे यूज
Mastodon: इस सोशल नेटवर्क का कहना है कि अब इसके 6,55,000 से ज्यादा यूजर्स हैं। इसमें 2,30,000 से ज्यादा तो सिर्फ पिछले हफ्ते ही इस प्लेटफॉर्म पर नए आए हैं
Mastodon: Twitter छोड़ इस नए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आ रहे लोग
Mastodon: एलॉन मस्क (Elon Musk) के ट्विटर (Twitter) को खरीदने के बाद, जहां उनके कई फैसलों ने सबको चौंकाया है, तो कई लोग तो इस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को ही छोड़ने और किसी दूसरे प्लेटफॉर्म की तलाश में जुटे हैं। इस बीच एक नया प्लेटफॉर्म सामने आया है, जिसे इस सब से काफी फायदा पहुंचा है। इसका नाम है- मास्टोडन (Mastodon), लेकिन अब सवाल ये है कि आखिर ये है क्या? तो चिंता की बात नहीं है, उसके लिए हम हैं, आइए इस नए प्लेटफॉर्म से आपका परिचय कराया जाए।
BBC के मुताबिक, इस सोशल नेटवर्क का कहना है कि अब इसके 6,55,000 से ज्यादा यूजर्स हैं। इसमें 2,30,000 से ज्यादा तो सिर्फ पिछले हफ्ते ही इस प्लेटफॉर्म पर नए आए हैं। मतलब ये कि ट्विटर की कमान मस्क के हाथों में जाने के बाद कई लोग इस नए मंच पर शिफ्ट हो गए हैं।
मास्टोडन कुछ-कुछ ट्विटर की तरह ही दिखता है। ठीक उसी तरह यूजर्स इस पर भी पोस्ट लिख सकते हैं, जिसे "टॉट्स" (Toots) कहा जाता है। यहां भी पोस्ट पर रिप्लाई, कॉमेंट दिया जा सकता है। पोस्ट को लाइक किया जा सकता है और रीपोस्ट भी किया जा सकता है। साथ ही यूजर्स एक दूसरे को फॉलो भी कर सकते हैं।
हालांकि, यह एक अलग तरीके से काम करता है। यही एक कारण है कि नए यूजर्स इसकी तरफ काफी आकर्षित हो रहे हैं, लेकिन इस पर साइन-अप करने को लेकर नए यूजर्स के बीच कुछ भ्रम भी है।
वैसे तो ये प्लेटफॉर्म छह साल पुराना है, लेकिन इसकी वर्तमान एक्टिविटी काफी बढ़ गई है। साथ ही साथ नई यूजर्स का लोड बढ़ने के कारण ये डाउन या स्लो भी हो जा रहा है।
क्या है Mostodon में ये सर्वर का खेल?
इस नेटवर्क पर जब आप साइन अप करते हैं, तो सबसे पहले आपको एक सर्वर चुनना होता है। उनमें बहुत सारे सर्वर हैं, वे थीम पर आधारित हैं, कई देश, शहर या अपनी रुचि के अनुसार- जैसे UK, सोशल, टेक्नोलॉजी, गेमिंग आदि।
यह बहुत मायने नहीं रखता कि आप किस सर्वर पर हैं। क्योंकि आप वैसे भी दूसरे सभी यूजर्स को फॉलो कर सकते हैं, लेकिन यह आपको एक शुरुआती कम्यूनिटी देता है, जो आपकी रुचि वाली चीजों को ज्यादा पोस्ट करते हों।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, रयान वाइल्ड अपनी फर्म सुपीरियर नेटवर्क्स के जरिए MastodonApp.UK सर्वर चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके पास 24 घंटों में 6,000 से ज्यादा नए जॉइनर्स थे और उन्हें इतनी तेजी से बढ़ते नए यूजर्स के चलते रजिस्ट्रेशन रोकना पड़ा।
उन्होंने कहा, "मैं ये देखना चाहता था कि इसको इतनी तवज्जो क्यों दी जा रही है? मैं शुक्रवार रात 10 बजे सर्वर पर पहुंचा और मैं अगली सुबह 1,000 लोगों के शामिल होने के बाद ही उठा। ये वो थे जिन्हें मैं जानता तक नहीं था।"
Mostodon पर लोगों को कैसे करें सर्च?
आपका चुना गया सर्वर आपके यूजरनेम का हिस्सा बन जाता है। इसे ऐसे समझिए, जैसे आपका ट्विटर हैंडल है @USP और आपने UK सर्वर को सिलेक्ट किया, तो आपका यूजरनेम- @USP@mastodonapp.uk बन जाएगा।
अगर आपको किसी ऐसे शख्श को खोजना है, जो आपकी तरह UK सर्वर पर ही है, तो आप सिर्फ उसे उसके नाम से भी सर्च कर सकते हैं। लेकिन अगर वो किसी दूसरे सर्वर पर है, तो आपको उसका पूरा एड्रेस डालना होगा।
ट्विटर के उलट Mostodon किसी को फॉलो करने का सुझाव नहीं देता है। साथ ही आप इस पर हैशटैग '#' भी सर्च कर सकते हैं।
Mostodon को कैसे ऑपरेट किया जाता है?
ये अभी-अभी ट्रेंड में आया है, तो फिलहाल सभी सर्वरों के अपने मॉडरेशन नियम हैं, और कुछ के पास कोई नियम नहीं है। कुछ सर्वर दूसरों से लिंक नहीं करने का ऑप्शन चुन रहे हैं, जो बॉट्स से भरे हुए हैं या उनमें काफी ज्यादा नफरती कंटेंट है। इसका मतलब है कि वे सर्वर पर उन लोगों को नहीं दिखेंगे, जो उन्हें ब्लॉक कर के रखते हैं। सर्वर ऑनर्स को भी पोस्ट की जानकारी दी जा सकती है।
अगर यह हेट स्पीच या गैर-कानूनी कंटेंट है, तो ऑनर इसे हटा सकते हैं, लेकिन यह जरूरी नहीं कि वे इसे हर जगह से डिलीट कर पाएं। आगे चलकर अगर ये एक बड़ा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म बनता है, तो ये इसके लिए एक बहुत बड़ा मुद्दा होगा।
क्या Mostodon को आप फ्री में यूज कर सकते हैं?
यह निर्भर करता है कि आप किस सर्वर पर हैं। Mostodon पर कुछ सर्वर फ्री हैं, तो कुछ के लिए चार्ज मांगा जाता है, लेकिन फिर भी ये प्लेटफॉर्म काफी हद तक फ्री टू यूज ही है।