Air India Express: एयर इंडिया एक्सप्रेस फ्लाइट के इंजन में लगी आग, UAE में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग, सभी यात्री सुरक्षित

Air India Express: एयर इंडिया एक्सप्रेस के इंजन में अचानक आग लगने के बाद फ्लाइट की अबू धाबी एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है। जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट ने आबू धाबी एयरपोर्ट से केरल के कालीकट के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के थोड़ी देर बाद ही इंजन में आग लगने की सूचना के बाद फ्लाइट को तुरंत आबू धाबी एयरपोर्ट पर उतारा गया

अपडेटेड Feb 03, 2023 पर 10:31 AM
Air India Express: नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के एक बयान के अनुसार, फ्लाइट में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से केरल आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस (Air India Express) की एक फ्लाइट के इंजन में आग लगने के बाद शुक्रवार को अबू धाबी एयरपोर्ट (Abu Dhabi Airport) पर इमरजेंसी स्थिति में लैंड करनी पड़ी। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के एक बयान के अनुसार, फ्लाइट में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। यह घटना तब हुई जब अबू धाबी एयरपोर्ट से उड़ान भरने के बाद केरल के कालीकट (Calicut) जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट B737-800 करीब 1,000 फीट की ऊंचाई पर था।

समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक, एयर इंडिया एक्सप्रेस के इंजन नंबर 1 (बाएं वाला इंजन) में अचानक आग लगने के बाद फ्लाइट की अबू धाबी एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है। जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट ने आबू धाबी एयरपोर्ट से कालीकट के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के थोड़ी देर बाद ही इंजन में आग लगने की सूचना के बाद फ्लाइट को तुरंत आबू धाबी एयरपोर्ट पर उतारा गया।

सूत्रों ने बताया कि एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट के पायलट ने आग की लपटों को देखा। इसके बाद उसे तुरंत वापस अबू धाबी एयरपोर्ट पर उतारा गया। रिपोर्ट के मुताबिक, एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में कुल 184 यात्री सवार थे।


एयर इंडिया एक्सप्रेस ने एक बयान में कहा, "विमान सुरक्षित उतरा और सभी यात्री सुरक्षित हैं।" उधर, DGCA की ओर से भी बयान जारी कर फ्लाइट के इंजन में आग लगने की जानकारी दी गई है।

एक सप्ताह के भीतर एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान की इमरजेंसी लैंडिंग की यह दूसरी घटना है। इससे पहले 29 जनवरी को शारजाह से एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट को कोचीन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी।

इमरजेंसी लैंडिंग इसलिए करानी पड़ी,क्योंकि पायलट को शक था कि फ्लाइट के ‘हाइड्रोलिक’ ने काम करना बंद कर दिया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।