अभी तक से सबसे बुरे आर्थिक दौर से गुजर रहे पाकिस्तान के लिए हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। पाकिस्तान इन दिनों सबसे खराब आर्थिक दौर से गुजर रहा है। अब पाकिस्तान के वित्त मंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) और वर्ल्ड बैंक की बैठक के लिए वाशिंगटन की यात्रा को कैंसल कर दिया है। पाकिस्तान के वित्त मंत्री इशाक डार को 10 अप्रैल को होने वाली आईएमएफ की बैठक में हिस्सा लेना था। लेकिन सरकारी अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि घरेलू राजनीतिक उथल पुथल के कारण उनकी यह यात्रा कैंसल हो गई है।
पाकिस्तान को के जरूरी है IMF का सहारा
पाकिस्तान के विदेश मंत्री को 10 अप्रैल से आईएमएफ की बैठक में भाग लेना था। यह बैठक पाकिस्तान को IMF की रुकी हुई फंडिंग को जारी करने के लिए बेहद जरूरी थी। बता दें कि पाकिस्तान पर फिलहाल भुगतान का संकट मंडरा रहा है जिस वजह से उसे आईएमएफ की तरफ से जारी होने वाली फंडिंग की सख्त जरूरत है। पाकिस्तान साल 2019 में सहमत 6.5 बिलियन डॉलर की राहत राशि में से 1.1 बिलियन डॉलर की राशि को जारी कराने का प्रयास कर रहा है।
फिलहाल कैसे हैं पाकिस्तान में राजनीतिक हालात
पाकिस्तान में फिलहाल राजानितिक और आर्थिक उथल-पुथल का दौर चल रहा है। पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान एक साल पहले संसद में विश्वास मत हारने के बाद से ही लगातार सरकार को चुनौती दे रहे हैं। खान एक नए चुनाव के लिए दबाव बनाने के लिए एक विरोध अभियान चला रहे हैं। हालांकि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने खान की मांग को यह कहते हुए खारिज कर दिया कि वैसे भी इस साल के अंत में आम चुनाव होने हैं। पाकिस्तान की सुप्रीम कोर्ट ने दो प्रांतीय विधानसभाओं के लिए स्नैप चुनाव में आगे बढ़ने का आदेश दिया है, लेकिन सरकार ने अदालत के आदेश को भी खारिज कर दिया है।