Cancer News : निकोटिनामाइड रिबोसाइड (nicotinamide riboside) यानी NR जैसे डायट्री सप्लीमेंट्स के इस्तेमाल से कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के फैलने की आशंका है। अमेरिका की मिसूरी यूनिवर्सिटी (University of Missouri) की एक रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है। Nicotinamide Riboside विटामिन बी3 (vitamin B3) का एक प्रकार है।
लाइवमिंट की एक रिपोर्ट के मुताबिक, University of Missouri में केमिस्ट्री की एसोसिएट प्रोफेसर एलेना गौन (Elena Goun) की अगुआई में रिसर्चर्स के एक अंतर्राष्ट्रीय दल के निष्कर्षों के मुताबिक, NR के ऊंचे स्तर के कारण न सिर्फ ट्रिपल निगेटिव ब्रेस्ट कैंसर (triple negative breast cancer), बल्कि इससे कैंसर होने या इसके ब्रेन तक फैलने का भी खतरा है।
पिता की कैंसर से मृत्यु से प्रेरित हुईं रिसर्चर
गौन अपने पिता की कैंसर से मृत्यु के बाद इस दिशा में काम करने के लिए प्रेरित हुईं। उनके 59 वर्षीय पिता की कोलोन कैंसर (colon cancer) के पता लगने के सिर्फ तीन महीने बाद ही मौत हो गई थी।
गौन कैंसर की शुरुआत और इसके बढ़ने में NR की भूमिका के बारे में अधिक जानने में रुचि रखती थीं, क्योंकि एनआर एक जाना माना डायट्री सप्लीमेंट है। इससे सेलुलर एनर्जी का स्तर बढ़ाने में मदद मिलती है और कैंसर सेल्स इस एनर्जी का उपयोग अपने एसेलरेटेड मेटाबोलिज्म को बढ़ाने में करती हैं।
शरीर को नुकसान भी पहुंचाते हैं विटामिन और सप्लीमेंट्स
गौन एनआर की व्यापक वाणिज्यिक उपलब्धता और कई मानवीय क्लीनिकल ट्रायल्स में इसके इस्तेमाल को देखते हुए इस रिसर्च को बेहद अहम मानती हैं।
गौन ने कहा, कुछ लोग इसका (vitamins और supplements) का सेवन करते हैं क्योंकि वे मानते हैं कि विटामिन और सप्लीमेंट से सेहत को सिर्फ फायदे ही होते हैं। लेकिन बहुत कम ही लोग जानते हैं कि वे कैसे काम करते हैं। उन्होंने कहा, इन जानकारी की कमी के चलते ही हम इस मूलभूत प्रश्न पर स्टडी करने के लिए प्रेरित हुए कि “शरीर में विटामिन और सप्लीमेंट्स कैसे काम करते हैं।”
गौन के मुताबिक, एक बार कैंसर ब्रेन तक फैल जाए तो वर्तमान में इसका कोई प्रभावी उपचार उपलब्ध नहीं है।