अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने एक नए ट्रेड इनवेस्टिगेशन का आदेश दिया है। इसके तहत अमेरिका में इंपोर्ट होने वाली इमारती लकड़ी (Lumber) पर और अधिक टैरिफ लगाया जा सकता है। कनाडाई सॉफ्टवुड लकड़ी पर पहले से टैरिफ लगा हुआ है। रॉयटर्स के मुताबिक, एक अधिकारी ने कहा कि जांच के नतीजतन लगने वाले किसी भी टैरिफ को कनाडाई सॉफ्टवुड लकड़ी पर मौजूदा 14.5% संयुक्त एंटी-डंपिंग और एंटी-सब्सिडी शुल्कों में जोड़ा जाएगा।
अमेरिका आने वाले सभी कनाडाई और मेक्सिकन सामानों पर 25% टैरिफ अगले सप्ताह 4 मार्च से लागू हो रहा है। ट्रंप ने शनिवार को एक मेमो साइन किया। इसमें कॉमर्स सेक्रेटरी हॉवर्ड लुटनिक को 1962 के ट्रेड एक्सपेंशन एक्ट के सेक्शन 232 के तहत अमेरिका के इमारती लकड़ी के इंपोर्ट की राष्ट्रीय सुरक्षा जांच शुरू करने का आदेश दिया गया है।
वाणिज्य विभाग को जांच 270 दिनों के अंदर पूरी करने का आदेश
ट्रंप ने व्यापार कानून का इस्तेमाल ग्लोबल स्टील और एल्यूमीनियम इंपोर्ट पर टैरिफ लगाने के लिए भी किया था। जांच में इमारती लकड़ी से बने डेरिवेटिव प्रोडक्ट शामिल हैं, जिनमें किचन कैबिनेट जैसे फर्नीचर शामिल हो सकते हैं। ये कुछ मामलों में अमेरिकी लकड़ी से बने होते हैं। आदेश में कहा गया है कि वाणिज्य विभाग की जांच 270 दिनों के अंदर पूरी होनी चाहिए।
ट्रंप ने सार्वजनिक जमीन से लकड़ी की कटाई के लिए इजाजत की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करके और, जंगलों और वॉटरवेज से गिरे हुए पेड़ों को नुकसान से बचाने में सुधार करके लकड़ी की घरेलू आपूर्ति को बढ़ाने के लिए 90 दिनों के अंदर नए कदम उठाने का भी आदेश दिया।
इमारती लकड़ी के उत्पादन को बढ़ाने की रहेगी कोशिश
आदेश में एनडेंजर्ड स्पीशीज एक्ट के तहत फॉरेस्ट्री प्रोजेक्ट्स के लिए क्विक अप्रूवल सहित इमारती लकड़ी के उत्पादन को बढ़ाने के लिए नई या अपडेटेड एजेंसी गाइडेंस की मांग की गई है। व्हाइट हाउस के ट्रेड एडवायजर पीटर नवारो ने कहा कि इमारती लकड़ी के इंपोर्ट की जांच कनाडा, जर्मनी और ब्राजील सहित इमारती लकड़ी के बड़े एक्सपोर्टर्स के एक्शंस को रोकेगी। उनके अनुसार ये देश अमेरिका की आर्थिक समृद्धि और राष्ट्रीय सुरक्षा दोनों की कीमत पर अमेरिकी बाजारों में लकड़ी डंप कर रहे हैं।
व्हाइट हाउस के एक अधिकारी का कहना है कि इंपोर्टेड इमारती लकड़ी पर बढ़ती निर्भरता संभावित राष्ट्रीय सुरक्षा जोखिम का प्रतिनिधित्व करती है। कुछ हद तक ऐसा इसलिए है क्योंकि अमेरिकी सेना अपनी निर्माण गतिविधियों के लिए इस लकड़ी की बड़ी मात्रा का इस्तेमाल करती है। पर्याप्त घरेलू आपूर्ति वाली चीज के लिए इंपोर्ट पर बढ़ती निर्भरता अमेरिकी अर्थव्यवस्था के लिए खतरा है।