दुनिया भर में कई सारी कंपनियां अपने यहां से बड़े पैमाने पर कर्मचारियों को नौकरी से निकाल रही हैं। इसी लिस्ट में अब एक और बड़े ग्रुप का नाम भी जुड़ गया है। मीडिया में चल रही खबरों के मुताबिक ब्रिटेन का बड़ा मल्टीनेशनल रिटेलर ग्रुप मार्क्स एंड स्पेंसर ग्रुप (Marks & Spencer Group Plc) ने अपने यहां बड़ी छंटनी करने का ऐलान किया है।
अपने हेडक्वार्टर में काम करने वालों की छंटनी करेगा Marks & Spencer
मार्क्स एंड स्पेंसर ग्रुप (Marks & Spencer Group Plc) अपने हेड क्वार्टर में काम करने वाले सैकड़ों कर्मचारियों को नौकरी से बाहर का रास्ता दिखाने जा रहा है। मार्क्स एंड स्पेंसर ग्रुप के हेड क्वार्टर में 4,000 कर्मचारी काम करते हैं। जिनमें से अब सैकड़ों कर्मचारियों की नौकरी पर खतरा मंडरा रहा है।
कंपनी ने नहीं दिया कोई भी जवाब
हालांकि फिलहाल मार्क्स एंड स्पेंसर ग्रुप (Marks & Spencer Group Plc) की तरफ से इस खबर को लेकर कोई भी प्रतिक्रिया जाहिर नहीं की गई है। कंपनी के एक प्रवक्ता ने खबरों पर बयान देते हुए बताया कि मीडिया की तरफ से बताया जाने वाला आंकड़ा बिलकुल गलत है। बता दें कि M&S अपने बिजनेस को लेकर लगातार बदलाव के प्रोसेस से गुजर रहा है। यह कंपनी अपने महंगे स्टोर पोर्टफोलियो के बोझ को कम करना चाहती है। इसके साथ ही ग्रुप ऑनलाइन बिक्री को बढ़ावा देने और कपड़ों के बाजार में प्रतिस्पर्धी बने रहने के लिए काम कर रही है।
लंदन के ऑफिस की लीज को छोड़ने का प्लान कर रहा है M&S
मीडिया में चल रही खबरों के मुताबिक मार्क्स एंड स्पेंसर ग्रुप (Marks & Spencer Group Plc) इस बात पर भी विचार कर रहा है कि, साल 2028 में रिन्यूअल के वक्त लंदन के पैडिंगटन रेलवे स्टेशन की तरफ से लीज पर दिए गए अपने हेडक्वार्टर को छोड़ा जाय या नहीं। नवंबर में अपने आधे साल के रिजल्ट को पेश करते समय, एम एंड एस ने कहा कि वह 2023-2024 फाइनेंशियल ईयर में लागत बचत में 150 मिलियन पाउंड (170 मिलियन डॉलर) से अधिक का लक्ष्य रख रहा है।