Turkey Earthquake Live Updates: प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से की गई घोषणा के कुछ घंटे बाद ही भारतीय वायु सेना (IAF) के विमान के जरिए भारत ने भूकंप राहत सामग्री की पहली खेप मंगलवार को तुर्की के लिए रवाना कर दी। PMO की ओर से जारी एक बयान में कहा गया था कि राहत सामग्री के साथ राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और मेडिकल दलों को भी तुर्की भेजा जाएगा। इसमें NDRF के विशेष खोज एचं बचाव दल शामिल हैं, जिसमें पुरुष एवं महिला कर्मी, श्वान दस्ता, उन्नत ‘ड्रिलिंग’ उपकरण और सहायता प्रयासों के लिए आवश्यक अन्य महत्वपूर्ण उपकरण शामिल हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तुर्की और सीरिया में आए भूकंप में लोगों की मौत पर सोमवार को शोक व्यक्त किया और कहा कि भारत इस त्रासदी से निपटने में मदद के लिए हरसंभव सहायता देने को तैयार है। दक्षिण पूर्वी तुर्की और दक्षिणी सीरिया में सोमवार को आए 7.8 की तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप में कम से कम 4000 लोगों की मौत हो चुकी है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने मंगलवार तड़के ट्वीट किया, ‘‘भारत की मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (HADR) तैयार है। NDRF का खोज एवं बचाव दल, प्रशिक्षित श्वान दस्ता, मेडिकल सप्लाई, ‘ड्रिलिंग’ मशीन और अन्य आवश्यक उपकरणों के साथ भूकंप राहत सामग्री की पहली खेप तुर्की के लिए रवाना।’’
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की थी और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की थी। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, ‘तुर्की में भूकंप के कारण हुए जानमाल के नुकसान की खबर से दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’
भारत में तुर्की के राजदूत फ़िरात सुनेल ने भारत सरकार की सहायता की पेशकश के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि ‘‘जरूरत के समय काम आने वाला दोस्त ही सच्चा दोस्त होता है।’’ सोमवार को तुर्की में 7.8, 7.6 और 6.0 तीव्रता के लगातार तीन शक्तिशाली भूकंप आए थे। वहीं, सीरिया, इस्राइल और लेबनान में भी भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए थे।
तुर्की और सीरिया में आए भूकंप से भारी तबाही मची है। अब तक 4,000 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। जब 20,000 से ज्यादा लोग घायल हैं। बहुत सारे लोग इमारतों के मलबे में दबे हुए हैं, जिन्हें निकालने का काम जारी है। बढ़ते रेस्क्यू ऑपरेशन के साथ ही मृतकों की संख्या भी बेहद तेज से बढ़ रही है।